दुबौलिया। थाना क्षेत्र के कटरिया बंजरिया मार्ग पर स्थित गल्ले की दुकान पर शुक्रवार दोपहर पहुंचा उचक्का गेहूं बेचने की बात कहकर गल्ले से 20 हजार रुपये लेकर भाग गया। एक अन्य घटना में बृहस्पतिवार रात एक किराना दुकान के शटर का ताला तोड़ कर नगदी समेत कुछ समान चोरी हुआ। दोनों घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। जगह-जगह सीसीटीवी खंगाला जा रहा है।
दुबौलिया कस्बा निवासी गल्ला व्यवसाई रामचन्द्र का कहना है कि कटरिया बंजरिया मार्ग पर विशुनदासपुर में गल्ला की दुकान खोल रखे हैं। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और कहा कि अभी हमारा गेंहू आ रहा है उसे ख़रीद लेना। इसी बीच गल्ले में रखा करीब बीस हजार रुपये लेकर वह अपना हेलमेट छोड़कर दुबौलिया की तरफ भाग निकला। घटना की सूचना पर पहुंची दुबौलिया पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
उधर बृहस्पतिवार रात थाना क्षेत्र के जमुनीजोत गांव निवासी केशव राम की राम जानकी मार्ग पर पिपरा बृजलाल में किराने की दुकान में अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर काउंटर में रखे बारह हजार रुपये नगद व एक दर्जन से अधिक सरसों के तेल के बीस लीटर की बोतल चुरा लिया। शुक्रवार सुबह दुकान दार ने शटर का ताला टूटा हुआ देखा। थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया की घटना की छानबीन किया जा रहा है। वही गल्ला व्यवसाई वाली घटना संदिग्ध है।