सावन के तीसरे सोमवार को विशेष संयोग में होगा जलाभिषेक
बस्ती। पावन सावन मास के तीसरे सोमवार पर आज भद्रेश्वरनाथ समेत जिले के 56 मंदिरों में शिवभक्त जलाभिषेक करेंगे। भद्रेश्वरनाथ, तिलकपुर, देवरिया समेत प्रमुख मंदिरों पर पुलिस प्रशासन की तरफ से व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
पंचांगों की गणना के आधार पर ज्योतिषाचार्य सतीश मणि त्रिपाठी ने बताया कि इस बार तीसरे सोमवार पर खास संयोग बन रहे हैं। सावन के तीसरे सोमवार के दिन ही विनायक चतुर्थी पड़ रही है। इसके अलावा भी कई योग बन रहे हैं। इस दिन शिव योग और रवि योग का संयोग बन रहा है। ऐसे में इस दिन पूजा करने से शिव जी के साथ भगवान गणेश की भी कृपा प्राप्त होगी।
14 जुलाई से शुरू सावन माह 12 अगस्त 2022 को समाप्त हो जाएगा। सावन का महीना भगवान शिव को अति प्रिय है। इसके अलावा इस माह के सोमवार शिव जी की पूजा और जलाभिषेक के लिए उत्तम माने जाते हैं। इस साल सावन माह में चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिसमें दो सोमवार बीत चुके हैं। पहला सोमवार 18 जुलाई व दूसरा सोमवार 25 जुलाई को था। इस माह का तीसरा सोमवार आज यानी एक अगस्त को है।
पुख्ता सुरक्षा प्रबंध का दावा
एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि सभी थानों को इसे लेकर क्षेत्र के मंदिरों की सुरक्षा के उचित प्रबंध रखने को कहा गया है। भद्रेश्वरनाथ समेत प्रमुख मंदिरों के लिए पर्याप्त महिला व पुरुष बल तैनात किए गए हैं। भारीनाथ, महादेवा, हरदेवनाथ, देवरिया, तिलकपुर समेत अन्य सभी शिवमंदिरों पर खुफिया विभाग के जवान भी परिसर में तैनात रहेंगे। छेड़खानी और महिलाओं की भीड़ में चेन स्नेचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए खासतौर से महिला कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी के मुताबिक, शिव मंदिरों पर पुलिस फोर्स की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। किसी तरह की अराजकता करने वालों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
सावन पूजा विधि
सुबह जल्दी उठ जाएं और स्नान आदि से निवृत्त होने के बाद साफ वस्त्र धारण करें।
घर के मंदिर में दीप प्रज्वलित करें।
सभी देवी-देवताओं का गंगा जल से अभिषेक करें।
शिवलिंग में गंगा जल और दूध चढ़ाएं।
भगवान शिव को पुष्प अर्पित करें।
भगवान शिव को बेल पत्र अर्पित करें।
भगवान शिव की आरती करें और भोग भी लगाएं।