- तटबंध व नदी के बीच बसे गांव पानी से घिरे
- तहसील प्रशासन ने लगवाया दो मोटर बोट
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। सरयू नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार की शाम से फिर तेजी बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने से तटबंध व नदी के बीच बसे दर्जनभर गांवों ने नागरिक बाढ़ की आशंका से सहम गए है। शुक्रवार शाम 6 बजे केंद्रीय जल आयोग अयोध्या कार्यालय ने खतरे के निशान से 20 सेमी ऊपर जलस्तर बताया है। जलस्तर 92.93 मीटर दर्ज हुआ। जो की खतरे के निशान 92.73 से 20 सेंटीमीटर ऊपर है। आयोग के अनुसार, जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी जारी है।
सरयू का जलस्तर बढ़ने के कारण तटवर्ती गांवों के नागरिकों को दुश्वारियां बढ़ गई हैं। यदि जलस्तर बढ़ना रुका नहीं तो इन गांवों के लोगों को फिर से बाढ़ की विभीषिका झेलनी पड़ेगी। बाढ़ से प्रभावित होने वाले सुविका बाबू और आंशिक टेढ़वा पानी से घिर गया है। तहसील प्रशासन ने ग्रामीणों के आने-जाने के लिए दो मोटर बोट लगवाया है। जलस्तर बढ़ने से कटरिया-चांदपुर तटबंध पर खजांचीपुर से लेकर खलवा गांव तक और गौरा-सैफाबाद तटबंध पर पारा गांव के सामने पांच सौ मीटर क्षेत्र में पानी का दबाव बढ़ गया है। हालांकि बाढ़ खंड के अनुसार, तटबंधों पर स्थिति सामान्य है।