फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: सरयू मचाने लगी तबाही, सरयू लाल निशान से 59 सेमी ऊपर पहुंची

Tue, 17 Sep 2024 01:50 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
दुबौलिया बाढ़ क्षेत्र के सुविका बाबू गांव के छप्पर मे घुसा पानी।
विज्ञापन
दुबौलिया और विक्रमजोत क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों में मची तबाही
विज्ञापन

घरों में घुसा बाढ़ का पानी, रास्ते हुए जलमग्न, मोटरबोट से ग्रामीणों का आवागमन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मानसून के आखिरी दौर में सरयू नदी ऊफान पर है। सरयू की लहरों को देख माझा क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों में दहशत है। दुबौलिया क्षेत्र के पांच गांव बाढ़ से घिर चुके हैं। विक्रमजोत क्षेत्र के तटवर्ती गांवों में कटान के साथ तबाही का दौर शुरू हो गया है। रास्ता, बाग-बगीचे सब जलमग्न हैं। ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ी हुई हैं।
केंद्रीय जल आयोग अयोध्या कार्यालय के अनुसार, सोमवार की शाम पांच बजे नदी का जलस्तर लाल निशान 92.730 मीटर से 59 सेंटीमीटर ऊपर 93.320 मीटर पर रिकाॅर्ड किया गया। पहाड़ों पर लगातार बारिश एवं बैराजों से बल्क मात्रा में पानी छोड़े जाने से नदी भयावह रूप लेती जा रही है। नदी का आकार बढ़ रहा है। इसकी जद में आकर समीपवर्ती गांव बाढ़ से घिरते जा रहे हैं। ग्रामीणों का आवागमन मोटर बोट के सहारे हो रहा है। नदी खेत-खलिहान से होते हुए घरों तक तबाही मचानी शुरू कर दी है।
विज्ञापन

दुबौलिया संवाद के अनुसार, नदी का जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के तटीय गांव विशुनदासपुर की अनुसूचित बस्ती, सुबिका बाबू, आंशिक टेढ़वा व सरयू की दो धाराओं के बीच बसा देवारा गंगबरार का एक पुरवा, कुर्मीयाना बाढ़ से चौतरफा घिर गया है। बाढ़ से घिरे गांवों की संख्या अब पांच हो गई हैं। भुअरिया, अशोकपुर ग्राम पंचायत का सतहा, बलुईया, दस नंबर पुरवा, बानेपुर, पूरे मोतीराम, बरदियालोहार का पुरवा, अखनपुर, श्रीराम पुरवा के तरफ पानी तेजी से फैल रहा है।
तीन दिनों से बाढ़ से घिरे गांव सुबिका बाबू, आंशिक टेढ़वा गांव के लोगों की दुश्वारियां बढ़ती ही जा रही हैं। यहां आवागमन के लिए प्रशासन ने चार मोटर बोट की व्यवस्था की है। विशुनदासपुर की अनुसूचित बस्ती के ग्रामीण मवेशियों को लेकर तटबंध पर आकर रहने लगे हैं। अदालत, राजबहादुर, पूजा, मालती आदि का कहना है कि दरवाजे तक पानी आ गया है। जलस्तर बढ़ने से कटरिया-चांदपुर तटबंध पर खजांचीपुर से लेकर खलवा गांव तक पानी का दबाव बना हुआ है। गौरा-सैफाबाद तटबंध पर पारा के गांव पास करीब 500 मीटर में पानी का दबाव बरकरार है।
...
बैराजों से छोड़ा गया पानी
सोमवार को भी विभिन्न बैराजों से 336598 क्यूसेक पानी सरयू नदी में छोड़ा गया है। शारदा बैराज से 190278 क्यूसेक, गिरिजा बैराज से 141702 क्यूसेक व सरयू बैराज से 4618 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
..
यहां भी मची तबाही
विक्रमजोत। विकास क्षेत्र के कल्यानपुर, भरथापुर, पड़ाव, संदलपुर, छतौना माझा, भौसिया मांझा, कन्हईपुर, खेमराजपुर, अर्जुनपुर, शंभूपुर, लकड़ी दूबे, पकड़ी संग्रामपुर, बेतावा, दलपतपुर आदि गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इन गांवों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों के घरों में पानी घुस गया है। गांवों के संपर्क मार्ग तक जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ के पानी में घुसकर लोगों का आना-जाना हो रहा है। खेतों में लगी फसल पानी में डूबकर बर्बाद हो रही है। पशुओं के लिए चारे का संकट हैं। कल्याणपुर गांव के प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक शर्मा, कोटेदार हेमंत पांडेय, जितेंद्र सिंह आदि ने बताया कि बाढ़ आने से ग्रामीण तबाह हो रहे हैं। प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं पहुंचाई जा रही है। लोगों को पानी में जहरीले जानवरों का खतरा बना हुआ है। पशु चिकित्साधिकारी विक्रमजोत आरएम वर्मा ने बताया कि पशु चारे के संकट से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। संवाद
विज्ञापन

...
संदलपुर में हो रही कटान
विक्रमजोत क्षेत्र के संदलपुर गांव में कटान शुरू हो गई है। यहां के लोग दहशत में हैं। गांव के राधेश्याम, जोगी, दुर्गा प्रसाद, गौरी, किसमता, प्रिया, रीता, मीना, कामिनी ने बताया कि तीन दिनों से कटान हो रही है। बांस-बल्ली के माध्यम से बचाव का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के बाद बाढ़ खंड कर्मचारी महज मुआयना कर निकल जा रहे हैं। प्रधान के प्रतिनिधि संतोष कुमार शुक्ल ने बताया कि गांव की मौजूदा स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें