दुबौलिया। सरयू का जलस्तर तीन दिनों से लगातार घट रहा है। नदी मंगलवार को लाल निशान से नीचे उतर आई है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या कार्यालय के अनुसार शाम पांच बजे नदी का जलस्तर 92.600 मीटर पर रिकार्ड हुआ है। यह लाल निशान 92. 730 से 13 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर घटने से मैरुंड गांव सुबिका बाबू के लोगों को काफी राहत मिली है। हालांकि अभी तटबंध से गांव तक जाने वाली पगडंडी पर दलदल और कीचड़ बरकरार है। गांव के आसपास के गड्ढों में पानी भरा हुआ है। जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर बना हुआ है। मंगलवार को भी माझा के दूसरी सोती में तेजी से कटान होती रही। वहीं विक्रमजोत संवाद के अनुसार क्षेत्र एलवी तटबंध एवं बीडी बाध से सटे गांवों से नदी का पानी खिसकने लगा है। यहां संवेदनशील स्थलों पर तेजी के साथ कटानरोधी कार्य भी कराए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली है। संवाद