हाईटेक नर्सरी में तैयार हो रही जायद सीजन के सब्जियों की पौध।
बस्ती। जनपद के बंजरिया में स्थापित फल उत्कृष्टता केंद्र किसानों को जायद सीजन में सब्जियों की अगेती खेती के लिए पौध उपलब्ध कराएगा। जनवरी के आखिरी हफ्ते में इसका वितरण किसानों में शुरू करा दिया जाएगा। पौध भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान द्वारा विकसित बीजों से तैयार की जा रही है।
किसानों की आय दोगुनी करने में सब्जियों की खेती की अहम भूमिका है। जिले में तमाम किसान बसंत ऋतु में गन्ने की बुवाई के बाद सह फसली के रूप में सब्जियों की खेती करते हैं। उनके लिए फल उत्कृष्टता केंद्र की यह पहल वरदान साबित होगी। उल्लेखनीय है कि इंडो इस्राइल साझा कृषि परियोजना के तहत बंजरिया में फल उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की गई है। यहां परिसर में स्थापित हाईटेक वेजीटेबल नर्सरी हर साल किसानों को 10 लाख सब्जियों की पाैध उपलब्ध करा रही है। केंद्र के प्रभारी अधिकारी अनीश कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि हाईटेक नर्सरी में तैयार पौध रोग रहित और अधिक उत्पादन देने में सक्षम है।
करीब दर्जनभर सब्जियों की तैयार की जा रही पौध
- प्रभारी अधिकारी ने बताया कि दर्जनभर सब्जियों की पाैध तैयार की जा रही है। बीजों की बुवाई हाईटेक नर्सरी में हो चुकी है। जनवरी के अंतिम सप्ताह से किसानों को लौकी, कद्दू, लोबिया, भिंडी, नेनुआ, करेला, मिर्च, खीरा आदि की पौध मिलनी शुरू हो जाएगी।