बैरिहवा, सिविल लाइंस, रौता, पिकौरा दत्तूराय, नरहरिया व अन्य वार्डों में नहीं हो रही सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। चुनाव का बहाना बनाकर नगर पालिका के सफाई नायक व कर्मियों ने शहर की सफाई में लापरवाही बरतनी शुरू कर दी है। इससे मुख्य सड़कों से लेकर वार्डों के अंदर सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। खानापूरी करने के लिए सफाई नायक व कर्मचारी कभी-कभी चौराहों पर दिख जाते हैं, लेकिन बहाना बनाकर चले जाते हैं।
नगर पालिका प्रशासन ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए कुछ सफाई कर्मचारियों को शिफ्टवार मतदान केंद्रों को दुरुस्त करने में लगा दिया है। इसके पहले ईद की नमाज में लगाई गई थी। जबकि पालिका के पास 15 सफाई नायक व 417 सफाई कर्मचारियों की लंबी फौज है। बावजूद इसके शहर के बैरिहवा, रौता, रामेश्वरपुरी, कटरा, सिविल लाइंस, पिकौरा दत्तू राय, नरहरिया व पठान टोला में सफाई व्यवस्था पटरी से उतर गई है। यहां चौराहों से लेकर घरों के सामने कूड़ा के अंबार लग चुके हैं। नालियां बजबजा रही हैं। कहीं-कहीं नाले जाम हो चुके हैं।
...
गंदगी सेहत के लिए खतरनाक
महिला चिकित्सालय के अवकाश प्राप्त मेडिकल अफसर डॉ. पीके श्रीवास्तव ने बताया कि गंदगी सेहत के लिए खतरनाक साबित होती है। इससे जेई, इंसेफेलाइटिस, आंतों में सूजन, पीलिया, उलटी-दस्त, टायफायड व कालरा जैसे गंभीर रोग पनपने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में घरों के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए।
...
नागरिकों ने सुनाया दर्द
फोटो-
कूड़ा उठाने में तो पहले भी लापरवाही होती थी, लेकिन सफाई कुछ न कुछ हो जाती थी। इधर जब दो दिन सफाई नहीं हुई तो नगर पालिका कार्यालय गया। वहां से सफाई नायक का फोन नंबर लेकर बात की तो उसने बताया कि चुनाव में ड्यूटी लगी है और फोन काट दिया।
-ओंकार नाथ श्रीवास्तव, रौता
...
घर के आसपास इस समय हर तरफ कूड़ा का ढेर लगा है। कूड़े के ढेर पर घुमंतू जानवर जुटे रहते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बन गई है। मूडघाट चौराहा से मेरे घर के सामने तक दिन भर गंदगी जमा रहती है।
-रामानुजेंद्र पांडेय, पतेलवा, कटरा
-
सफाई व्यवस्था होगी सुदृढ़
नगर पालिका की चेयरमैन नेहा वर्मा ने बताया कि समस्या संज्ञान में है, बहुत जल्द ही बैठक कर नए सिरे से सफाई व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी।