बस्ती। सदर विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक महेंद्रनाथ यादव ने शीतकालीन सत्र के दौरान सदन में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता का मुद्दा उठाया। उन्होंने विभागीय मंत्री कपिलदेव अग्रवाल से पूछा कि प्रदेश में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास विभाग के नियंत्रण में संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की संख्या कितनी है। उनमें कितने पद रिक्त है। इस प्रश्न के उत्तर में बताया गया कि प्रदेश में 305 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान संचालित हैं। कार्यदेशक के 337 और अनुदेशक के 5220 पद रिक्त हैं।
एक अन्य प्रश्न में सदर विधायक ने कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार विभाग के राज्य मंत्री से सवाल किया कि बस्ती के सदर विधानसभा क्षेत्र में मंडी परिषद की ओर से कितनी सड़कें निर्मित हैं और कितनी जर्जर। इसके उत्तर में बताया गया कि कुल 46 संपर्क मार्गों का निर्माण मंडी परिषद ने कराया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भ्रमण के दौरान जो भी समस्याएं उनके संज्ञान में आती हैं उसका प्रभावी निस्तारण कराने के लिए सदन में आवाज उठाई जाती है।