चिह्नित बच्चों को मिलेगी निशुल्क शिक्षा और सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत निजी विद्यालयों में प्रथम चरण में प्रवेश के साथ ही द्वितीय चरण के आवेदन शुरू हो गए हैं। प्रथम चरण की सूची के बच्चों का प्रवेश हो रहा है। द्वितीय चरण के लिए 30 मार्च तक आवेदन किए जा सकेंगे।
जिले में 740 मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय संचालित होते हैं। इनमें आरटीआई के तहत प्रथम चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद द्वितीय चरण में होने वाले प्रवेश के लिए आवेदन भरे जाने लगे हैं। एक मार्च से शुरू हुए द्वितीय चरण लिए आरटीआई योजना के तहत 30 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन होगा। आवेदन के सत्यापन के बाद लाटरी प्रक्रिया से बच्चों को प्रवेश दिलाया जाएगा।
जिला समन्वयक सामुदायिक शिक्षा अमित मिश्र ने बताया कि शासन की महत्वाकांक्षी योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जाते हैं। चार चरणों में आवेदन और लाटरी प्रक्रिया होनी है। निर्धारित तिथि तक आवेदन स्वीकार करने के बाद एक से सात अप्रैल तक सत्यापन व लॉक करने की प्रक्रिया होगी। आठ अप्रैल को लाटरी निकाली जाएगी। द्वितीय चरण में पात्र बच्चों को आठ अप्रैल के बाद तक प्रवेश दिलाया जाएगा। प्रथम चरण में 43 बच्चों को पात्र पाया गया था, उन्हें प्रवेश दिलाया गया है।
...
इस प्रकार होगी प्रवेश की प्रक्रिया
-तीसरे चरण के लिए 15 अप्रैल से आठ मई तक आवेदन
।-नौ मई से 15 मई तक सत्यापन व लॉक करने की प्रक्रिया
-16 मई को लाटरी प्रक्रिया, 23 मई तक प्रवेश प्रक्रिया
-चौथे चरण के लिए एक जून से 20 जून तक होंगे आवेदन
-21 से 27 जून तक सत्यापन व 20 जून तक सत्यापन व लॉक करने की प्रक्रिया
-28 जून को लाटरी प्रक्रिया, सात जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया