कलेक्ट्रेट सभागार में अन्तर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर वृहद लोन मेले में लाभार्थियों को
बस्ती। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देशन में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अंतर्राष्ट्रीय एमएसएमई दिवस के अवसर पर वृहद लोन मेले का आयोजन हुआ। इसमें जनपद की 357 उद्योग इकाइयों को कुल 16 करोड़ 53 लाख सात हजार रुपये का ऋण मुहैया कराया गया।
कार्यक्रम के शुरूआत में मुख्यमंत्री के उद्बोधन का प्रसारण किया गया। इसमें मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को भी प्रेरित किया। उद्योग के क्षेत्र में मुख्यमंत्री के सकारात्मक रवैये से उद्यमी खुश नजर आए। बाद ऋण वितरण शुरू कराया गया। डीएम ने चयनित उद्यमियों को ऋण का चेक सौंपा। इसमें मेसर्स बीएल फूड्स एंड ऑयल प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर आशुतोष जायसवाल को चार करोड़, मेसर्स कुंवर एग्रो इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर रीता सिंह को 1.52 करोड़, मेसर्स रेनू गारमेंट की प्रोपराइटर रेनू चौधरी को 60 लाख, पेपर कप प्लेट निर्माण हेतु प्रोपराइटर बीना चौरसिया को 20 लाख, फर्नीचर कारोबारी मो. रिजवान को 15 लाख, सिरका उत्पाद इकाई के प्रोपराइटर सभापति शुक्ला को 50 लाख रुपये के ऋण से लाभान्वित किया गया है।
उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप ने बताया कि मेले में 357 इकाइयों को 16 करोड़ 53 लाख 7 हजार रुपये ऋण का वितरण किया गया है। जिससे 1100 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त होगा। जनपद में वर्तमान वित्तीय वर्ष 2023-24 में बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक द्वारा 250 व्यक्तियों को 865 लाख एवं भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 44 व्यक्तियों को 263.40 लाख रुपये का ऋण मुहैया कराया गया है। इस मौके पर एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आशुतोष रंजन, क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक संजय उपाध्याय, प्रबंधक संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।