प्रधानमंत्री खेलो इंडिया को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में नमो कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें पहला मैच आर आर बैकर्स कप्तानगंज व वीके एकेडमी कुदरहा के बीच खेला गया। दूसरा मैच ब्लैक पैंथर कुदरहा व वीके एकेडमी कुदरहा के बीच, तीसरा मैच जय अम्बे मित्र मंडल दुबौलिया व बस्ती फाइटर कुरह पट्टी के बीच खेला गया। इसमें आर आर बैंकर, ब्लैक पैंथर कुदरहा, जय अम्बे मित्र मंडल दुबौलिया विजेता रही।
मुख्य अतिथि सांसद हरीश द्विवेदी ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है। खेल के माध्यम से भी आगे बढ़ा जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से समाज के सभी क्षेत्रों में सर्वांगीण विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। वह खेल एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन को लेकर भी काफी सजग हैं। आज उसी का परिणाम है कि भारत को अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में एक सौ से अधिक पदक प्राप्त करने में सफलता मिली है।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नमो कबड्डी प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को उजागर किया जा रहा है। जिले के खिलाड़ियों को सभी आवश्यक उपकरण मुहैया कराए गए हैं। इसके कारण बस्ती जिला खेल के रूप में अपनी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनाने में सफल होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलीप पाण्डेय ने की। कहा कि नमो कबड्डी प्रतियोगिता के माध्यम से गांव में रहने वाले परिवार के बच्चे बच्चियां अपने खेल क्षमता का बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बालक बालिकाओं की कुल 36 टीमोें ने प्रतिभाग किया। इसमें विजेता एवं उपविजेता टीमों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
क्षेत्रीय महामंत्री रामानंद नन्हे ने भी अपनी बात रखी। संचालन किसान मोर्चा जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा ने किया। जिला कबड्डी संघ के सचिव राम सिंह के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस मौके पर ब्लाॅक प्रमुख अनिल दुबे, सतेंद्र सिंह भोलू, राजेश पाल चौधरी, नीतीश पांडेय, आलोक पांडेय, यशकांत सिंह आदि मौजूद रहे।