गायघाट/बस्ती। कलवारी थानाक्षेत्र के रामपुर गांव में अकेली रह रही 75 वर्षीय महिला के घर में डकैती डालने आए बदमाशों ने विरोध करने पर वृद्धा की हत्या कर दी। शनिवार दोपहर बाद महिला घर में मृत पाई गई। घर की आलमारी खुली हुई थी। 20 हजार रुपये और जेवर आदि गायब थे। महिला की बेटी ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें सामान और रुपये गायब होने का जिक्र नहीं है।
रामपुर निवासी बासमती देवी को शनिवार को दोपहर में उसकी ससुराल में रहने वाली एक बेटी ने फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। काफी कोशिश के बाद जब उसका मां से संपर्क नहीं हो पाया तो बगल के घर के एक लड़के को फोन करके मां के बारे में जानकारी लेने के लिए भेजा। लड़के ने जाकर घर के बाहर से काफी आवाज लगाई, लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लड़का घर की छत पर चढ़ गया और अंदर देखा तो सीढ़ी के पास महिला मृत पड़ी थी।
लड़के ने शोर मचाकर लोगों को बुला लिया। लोग गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी का कहना है कि हत्या का केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। संवाद
बाद में पहुंची महिला की बेटियों का कहना है कि आलमारी में बकरी बेचकर रखे रुपये और कुछ जेवर गायब हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी, एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर जायजा लिया। डाॅग स्क्वाॅड ने भी मौके पर जाकर घटना से जुड़े सुराग लगाने की कोशिश की है।