परिवहन आयुक्त के निर्देश पर हो रहा रूटों का सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बहुत जल्द जिले के पांच नए रूटों पर रोडवेज बसें चलेंगी। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर परिवहन निगम व परिवहन विभाग के अधिकारियों ने रूटों का सर्वे लगभग पूरा कर लिया है। जल्द ही इन रूटों से संबंधित क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होने लगेगी।
भानपुर-हसनगंज मार्ग, भानपुर-रुधौली मार्ग, रुधौली-बैलगड़ी मार्ग, बरडाण-नउआगांव मार्ग व बरगदवा-चयसार मार्ग पर बसें संचालित करने की तैयार हो रही है। इन रूटों से करीब एक हजार गांवों के राहगीरों को बस की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रोडवेज के एआरएम आयुष भटनागर, इंद्रजीत तिवारी व संभागीय परिवहन निरीक्षक की टीम ने सर्वे कार्य पूरा कर लिया है। एआरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि जल्द ही परिवहन निगम के अधिकारियों के सहयोग से चयनित पांच रूटों पर बसों का संचालन शुरू करवा दिया जाएगा।