सबसे ज्यादा दिक्कत बढ़नी, आजमगढ़ और आंबेडकर नगर रूट पर रही
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रोडवेज बस अड्डे पर शुक्रवार को भीड़ उमड़ी। लंबी रूट की बसों के लिए यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़। यात्रियों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि तमाम दावाें के बावजूद बसें कम पड़ गईं। बढ़नी, आजमगढ़ और आंबेडकर नगर आदि मार्गों पर रोडवेज बसों का टोटा रहा।
घंटों इंतजार के बाद बस आई भी तो वे यात्री चढ़ ही नहीं पाए, जिनके साथ परिवार और सामान था। परिवहन निगम के अधिकारियों ने दावा किया था कि त्योहार पर बसों के फेरे बढ़ाने के साथ ही सभी प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो। अन्य रूटों पर भी यात्रियों की संख्या के हिसाब से बस चलाने का दावा किया था, लेकिन जब शुक्रवार को बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ी तो सारे दावे ध्वस्त हो गए।
बस न मिलने पर तमाम यात्री प्राइवेट वाहनों को अधिक किराया देकर गंतव्य की ओर रवाना होते रहे। बढ़नी जाने के लिए बस की प्रतीक्षा कर रहे यात्री अब्दुल कलाम, साजिया खातून व आजमगढ़ के वीरेंद्र कुमार, सुभाष चौधरी ने बताया कि सुबह से रोडवेज बस की प्रतीक्षा कर रहे हैं। दोपहर बाद एक बस आई है, लेकिन यात्रियों की ऐसी भीड़ थी कि चढ़ ही नहीं पाए। एक प्राइवेट वाहन बुक कराए हैं, जो अभी आ रहा है। त्योहार पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। सुविधा के नाम पर लगाई गईं अतिरिक्त बसें नाकाफी साबित हो रही हैं।