फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: अतिक्रमण से चार मीटर रह गई सड़क...नालियों पर भी कब्जा

Sat, 20 Jan 2024 12:18 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
पचपेड़िया मार्ग पर अतिक्रमण के कारण लगा जाम।
विज्ञापन
बस्ती। शहर के द्विजेश मार्ग पर करीब वर्ष भर पहले सड़क की मरम्मत कराई गई। मगर, अतिक्रमण की समस्या जस की तस रह गई। सड़क के दोनों तरफ नालियों तक निर्माण है। पटरी गुम हो गई है। ऊपर से दुकानों और घरों के सामने वाहन खड़े रहते हैं। यह सड़क सिकुड़कर तीन से चार मीटर बची है। हाईवे से जुड़े होने के कारण इस पर आवागमन का भार ज्यादा है। नई सड़क बनने से गड्ढों से राहत मिली तो जरूर, मगर जाम की समस्या से राहगीरों को जूझना पड़ रहा है।
विज्ञापन




शहर का पचपेड़िया मार्ग की सड़क अतिक्रमण की चपेट में है। दोनों तरफ की नालियों के ऊपर भी निर्माण कर कब्जा कर लिया गया है, जिस पर दुकान चलाई जा रही है। जिम्मेदार सबकुछ देखने के बाद भी मूकदर्शक बने हुए हैं। उम्मीद थी कि सड़क बनने के दौरान अतिक्रमण से दोनों तरफ की पटरी को खाली कराया जाएगा। मगर, ऐसा नहीं हुआ।
पटरी के अलावा शेष जगह में ही सड़क बनाकर नगर पालिका पीछे हट गई। इससे कब्जेदारों के हौसले और बुलंद हो गए है। इस मार्ग पर आवागमन बहाल होते ही जाम की समस्या लाइलाज बन जा रही है। अतिक्रमण के चलते आमने-सामने से दो-चार पहिया वाहन नहीं निकल पाते हैं। उनके पीछे दोनों तरफ दो पहिया, ई- रिक्शा आदि छोटे वाहनों की कतार लग जाती है।
विज्ञापन


सड़क तक कब्जा जमाए हैं अस्पताल व निजी दुकान

पटरी और नाली पर निर्माण कर दुकान बना ली गई है। सुबह दस बजते ही यहां बिकने योग्य सामान के प्रदर्शन की होड़ लग जाती है। चइयाबारी मोड से लेकर एक निजी विद्यालय तक राह चलना आसान नहीं होता है। यहां एक ओर निजी अस्पतालों ने पटरियों पर कब्जा जमा लिया है। इसके चलते यहां सड़क की कुल चौड़ाई तीन से चार मीटर ही शेष बची है।



नागरिकों ने की थी शिकायत

नागरिकों ने संपूर्ण समाधान दिवस से लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। डीएम ने इसे हटवाने के निर्देश दिए थे। नगर पालिका की ओर से सड़क निर्माण से पहले अतिक्रमण हटवाने का आश्वासन मिला। मगर, पटरी और नाली से कब्जा हटाने के बजाय सड़क बनाकर छोड़ दिया गया। समस्या जस की तस रह गई।

फोरलेन से जुड़ी है यह सड़क
फोरलेन से पचपेड़िया होकर यह सड़क शहर को जोड़ती है। इस मार्ग पर जैसे ही आवागमन बढ़ता है अतिक्रमण के चलते जाम लग जाता है। स्थानीय नागरिक जितेंद्र यादव, प्रभाकर, योगेश शुक्ल आदि ने बताया कि कई बार नगर पालिका प्रशासन से अतिक्रमण हटवाने की मांग की गई। जिला प्रशासन को भी समस्या से अवगत कराया गया। मगर, कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।




हट जाएगा अतिक्रमण

एसडीएम सदर गुलाब चंद्र ने इस प्रकरण पर कहा कि शहरवासी 22 जनवरी तक धैर्य बनाए रखें। अयोध्या में प्रस्तावित कार्यक्रम निपटने के बाद समूचे शहर में अभियान चलाया जाएगा। पूरी कार्ययोजना बनकर तैयार है। बस एक सप्ताह इंतजार करिए। अतिक्रमण भी हटेगा और कब्जेदारों पर कार्रवाई भी होगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें