दस करोड़ से चमकेगी बस्ती-कांटे की बीस किलोमीटर सड़क
बस्ती। लंबे समय से दुश्वारी झेल रहे बस्ती-कांटे की 20 किलोमीटर मार्ग को नए सिरे से सुसज्जित करने के लिए पीडब्ल्यूडी के प्रस्ताव पर शासन ने मुहर लगा दी है। इस सड़क के लिए दस करोड़ रुपये भी अवमुक्त हो गए हैं। मौसम बदलते ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।
शहर के जिला चिकित्सालय से टीबी हॉस्पिटल होकर मुंडेरवा और कांटे तक जाने वाली तकरीबन 20 किमी सड़क की हालत बहुत ही खराब हो चुकी है। जिसके कारण राहगीरों का आवागमन बाधित होता रहता है। सबसे बुरी स्थिति टीबी हॉस्पिटल, प्लॉस्टिक कॉम्पलेक्स चौराहा, ओड़वारा, मकबूलगंज, मुंडेरवा और कांटे चौराहे जैसे आबादी क्षेत्र की हो चुकी है।
यही नहीं, इन कस्बों में पटरियों पर अतिक्रमण के कारण नाली का निर्माण नहीं हो सका है। नतीजतन मुख्य सड़क घरों से निकलने वाले गंदे पानी व बरसात के कारण जगह-जगह टूट कर जमींदोज हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार सिंह ने सहायक अभियंता उमेशचंद्र विश्वकर्मा, अवर अभियंता अभिषेक सिंह व हरेराम प्रसाद की टीम से पूरी सड़क का सर्वे करवाया और लगभग दस करोड़ का प्रस्ताव विभाग के जरिए शासन को भेज दिया था। जिस पर धन जारी हो चुका है और मौसम साफ होने का इंतजार किया जा रहा है ताकि आबादी क्षेत्र की तकरीबन 12 सौ मीटर सड़क को सीसी बनाया जाए और इन जगहों पर नाली का निर्माण किया जा सके। यही नहीं, लगभग दस किमी खराब सड़क का नवीनीकरण करने के लिए भी मौसम का साफ होना जरूरी है।
बेहतर बनाया जाएगा बस्ती-कांटे मार्ग
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बस्ती-कांटे मार्ग के लिए धन जारी हो चुका है। जैसे ही मौसम साफ होगा काम चालू करवा दिया जाएगा और इस सड़क को बेहतर बनाया जाएगा।