दो वर्ष भी नहीं चली सवा दो करोड़ लागत से बनी सड़क
- तहसील क्षेत्र का कूड़ी-नकहा मार्ग निर्माण के बाद पुन: ध्वस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
रुधौली। तहसील क्षेत्र में लगभग सवा दो करोड़ की लागत से बना कूड़ी-नकहा मार्ग दो साल भी नहीं चल सका। सड़क में फिर जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं।
तहसील क्षेत्र के महुआ, सेहुड़ा, पिपराकला, रायठ, गुलरिया, बिजलपुर बजहा सहित अन्य गांवों के लगभग 45 हजार की आबादी के कूड़ी-नकहा मार्ग आवागमन का मुख्य मार्ग है। करीब 4.1 किलोमीटर तक मरम्मत कार्य के लिए मार्च 2018 में करीब दो करोड़ 27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। दिसंबर 2019 तक लोक निर्माण विभाग ने कार्य पूरा भी कर दिया। नई सड़क पर लोगों की उम्मीद थी कि अब उनकी राह सुदूर शहरी क्षेत्रों में आने जाने के लिए आसान होगी। लेकिन यह सड़क फिर से लापरवाही की भेंट चढ़ी और निर्माण के दो साल तक भी नहीं चल सकी। क्षेत्र के ईंट-भट्ठा संचालक शेष नारायण सिंह का कहना है कि सड़क बनने के बाद ईंट-भट्ठे तक जाने में हो रही असुविधा को दूर होने की उम्मीद थी। लेकिन, फिर हालात पहले जैसे हो गए हैं। सुरुवार निवासी अजयसेन सिंह का कहना है कि आवश्यक कृषि कार्यों के लिए मार्ग से आना-जाना होता है। लेकिन सड़क की जर्जर हालत को देखते हुए जाने का मन नहीं करता। जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र प्रसाद चौधरी कहते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत इस कदर खराब है कि साइकिल मोटरसाइकिल से कौन कहे पैदल चलना भी दुश्वार है। रायठ निवासी देवेंद्र नाथ त्रिपाठी का कहना है कि कूड़ी से नकहा मार्ग पर आगे चलकर पड़री से सियरा देई तक ढाई किलोमीटर की सड़क भी खराब है। क्षेत्र के पिंटू यादव, माधव श्याम, गंगाराम यादव, विपिन, राधेश्याम, सुनील कुमार, अखिलेश यादव, अरविंद यादव, हरिश्चंद्र ने सड़क के मरम्मत की मांग के साथ सुरुवार नहर से महुआर नहर को पिच मार्ग करने की मांग की है। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अभिषेक सिंह ने बताया कि सड़क का निर्माण करीब दो वर्ष पूर्व पूरा कर लिया गया था। लेकिन, इसी मार्ग से आगे चलकर नकहा से डड़वा को जाने वाली सड़क हाल ही में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से निर्माण के लिए स्वीकृत की गई है। उस सड़क के निर्माण के लिए जाने वाली सभी भारी गाड़ियां इसी मार्ग से ले जाए जा रहे हैं, जिसके चलते सड़क टूट गई है। निर्माण कराने वाली संस्था को इस टूटी सड़क के मरम्मत कराने के लिए पत्र लिखा गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।