जर्जर हैं शहर के धर्मशाला व ब्लाॅक रोड
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। महादेवा विधान सभा क्षेत्र के 23 सड़कों के लिए छह करोड़ रुपये मिले हैं। इनकी दशा तो बदल जाएगी, मगर शहर के धर्मशाला व ब्लाॅक रोड की जर्जर सड़क से नागरिकों को कब राहत मिलेगी। गांधी नगर को मालवीय मार्ग से जोड़ने वाली धर्मशाला रोड पर आधा किमी सड़क टूट गई है। इस पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। यही हाल ब्लाॅक रोड का है।
शहर की सड़क जर्जर हैं। नगर पालिका की इन सड़कों की दशा बदलने के लिए केवल गिट्टी व मिट्टी डालकर कर पाटने तक ही सीमित है। पालिका बजट का रोना रोती है, तो अधिकारी भी इस पर चुप्पी साधे हैं, जबकि ब्लाॅक रोड हाईवे का लिंक मार्ग है। इस मार्ग से हर दिन दो पहिया चार पहिया हजारों वाहन गुजरते हैं। यही हाल धर्मशाला रोड का भी है। इस मार्ग पर यात्रा खतरनाक है।
-
बोले नागरिक
धर्मशाला रोड निवासी राजकुमार, अजय पाल, अरुण कुमार आदि ने कहा कि धर्मशाला व ब्लाॅक रोड पर अब तक लाखों रुपये नगर पालिका ने खर्च किए हैं, मगर इन मार्गों की दशा बदलने के बजाय बिगड़ गई है। जरा सी नजर चूक जाए तो दुर्घटना हो जाएगी।
शहर की सभी महत्वपूर्ण सड़कों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे प्रशासन के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। धर्मशाला व ब्लाॅक रोड के अलावा मालवीय मार्ग की भी मरम्मत कराई जाएगी।
-दुर्गेश्वरदत्त त्रिपाठी, ईओ, नगर पालिका परिषद