दुबौलिया। सरयू नदी का जलस्तर शुक्रवार से लगातार घट रहा है। शनिवार को सुबह आठ बजे से जलस्तर स्थिर हो गया है, जिससे नदी व तटबंध के बीच बसे आधा दर्जन गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है।
केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अनुसार शनिवार को चार बजे जलस्तर 92.30 मीटर दर्ज किया गया, जो कि खतरे के निशान 92.73 मीटर से 43 सेंटीमीटर नीचे है। कटरिया चांदपुर तटबंध पर कटरिया गांव के सामने ठोकर नंबर-एक पर पानी दबाव बना हुआ है। इसी ठोकर के पूरब व पश्चिम की ओर पानी बैकरोल के चलते मामूली कटान हो रही है। सुविकाबाबू गांव के पूरब की ओर सरयू की धारा हल्की गति से कटान हो रही है।
गौरा सैफाबाद तटबंध पर टकटकवा गांव से लेकर दलपतपुर गांव तक पानी का दबाव बना हुआ है। अवर अभियंता विजय प्रकाश ने बताया की जलस्तर घट रहा है तटबंधों पर स्थिति सामान्य बनी हुई है।