बस्ती। शहर के पतलेवा स्थित फातिमा हॉस्पिटल एवं मैटरनिटी सेंटर का पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। सीएमओ डाॅ. आरएस दुबे ने बताया कि जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। अस्पताल में गाइनोलाजिस्ट कोई नहीं था। न ही गंभीर स्थिति के लिए इमरजेंसी की सुविधा बेहतर मिली। जिन 10 बिंदुओं पर सूचना मांगी गई थी, अस्पताल प्रबंधन की तरफ से स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।
वाल्टरगंज क्षेत्र के गनेशपुर बड़ेवन निवासी मेवालाल ने सीएमओ को शिकायती पत्र देकर फातिमा हॉस्पिटल पर आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी रीता को प्रसव पीड़ा होने के दौरान आशा के साथ महिला अस्पताल ले जाया गया। जहां अल्ट्रासाउंड के बाद पता चला कि पेट में बच्चा मर गया है। महिला चिकित्सालय से रेफर होने के बाद वह अपनी पत्नी को फातिमा हाॅस्पिटल एवं मैटरनिटी सेंटर लेकर पहुंचे। आरोप है कि चिकित्सक ने लापरवाही पूर्वक ऑपरेशन के दौरान मृत बच्चे के साथ बच्चेदानी भी निकाल दी। बाद में उनकी पत्नी को रेफर कर दिया गया। इसकी सीएमओ ने जांच शुरू कराई है। संवाद
.