महराजगंज(बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अवस्थीपुर गांव में शनिवार की सुबह जमीन की रंजिश को लेकर दो सगे भाई भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दो महिलाएं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
अवस्थीपुर गांव के सालिकराम और सूरतराम सगे भाई हैं। इनमें काफी दिनों से जमीन का विवाद चल रहा हैं। शनिवार की सुबह 8 बजे किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। कुछ ही देर बाद दोनों पक्ष से परिजन भी आमने-सामने हो गए। मामला मारपीट में तब्दील हो गया। लोग एक दूसरे पर लाठी डंडे से टूट पड़े। घटना में सालिकराम 45 और उनकी पत्नी रिनी 42 को तथा दूसरे पक्ष के सूरतराम 40 व उनकी पत्नी आशा देवी 35 गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में पुलिस की मदद से चारों घायलों को सीएचसी कप्तानगंज में भर्ती कराया गया। एसओ रोहित कुमार उपाध्याय ने बताया कि घायलों काे भर्ती कराकर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।