गौर। सहकारी गन्ना विकास समिति गौर परिसर में सोमवार से दस दिवसीय गन्ना सट्टा प्रदर्शन मेले की शुरुआत हुई। बारिश के कारण पहले दिन मेले में केवल 44 किसान पहुंचे।समिति अध्यक्ष अरविंद सिंह ने शुभारंभ किया। कहा कि गन्ना आयुक्त के निर्देश पर यह आयोजन किया गया है। सचिव अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य त्रुटियों को सुधारना है। उन्होंने कहा कि मेले में चीनी मिल बभनान और समिति के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। किसान सर्वे, पेड़ी-पौधा, आधार कार्ड, खाता नंबर, मोबाइल नंबर आदि में सुधार करा सकते हैं। सचिव ने बताया कि 25 सितंबर तक चलने वाले इस मेले में किसानों को सुधार का अंतिम अवसर दिया जा रहा है। इसके बाद यदि किसी किसान की जानकारी में त्रुटि रह जाती है, तो भविष्य में सुधार संभव नहीं होगा। उन्होंने समिति क्षेत्र के सभी किसानों से अपील की कि समय रहते अपनी सूची की जांच अवश्य करा लें।