बस्ती। गोरखपुर से गोंडा के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को गोरखपुर कैंट कुसुमंही रेल खंड में चल रहे प्री नान इंटरलॉक कार्य के चलते रेलवे बोर्ड की ओर से पांच सितंबर तक निरस्त कर दिया गया है।इससे छोटे रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर कैंट के बीच चल रहे प्री नान इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से गोरखपुर गोंडा पैसेंजर को आगामी पांच सितंबर तक के लिए निरस्त किया गया है।पैसेंजर ट्रेन के निरस्त होने से छोटे रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक किराया खर्च कर मुश्किलों का सामना करते हुए सफर तय करना पड़ेगा।टिनिच के संतराम वर्मा व गौर के विनोद कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन गोविंद नगर,टिनिच,गौर जैसे स्टेशनों पर किसी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव न होने से आने-जाने वाले यात्रियों को पहले से ही परेशानी उठानी पड़ रही है।तो वहीं दूसरी ओर अब पैसेंजर ट्रेन के निरस्त होने से क्षेत्र के यात्रियों को प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा।