- पांच घंटे इंतजार के बाद खुला घर का ताला
- टीम ने देर शाम तक खंगाले अभिलेख
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लखनऊ व नोएडा में कंप्यूटर, कॉल सेंटर व जमीन का कारोबार करने वाले क्वांटम ग्रुप के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव के शहर के बभनगावां स्थित आवास पर मंगलवार को गोरखपुर व लखनऊ की आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। यहां आवास पर ताला लगा था। घर के दरवाजे पर पांच घंटे तक टीम इंतजार करती रही। ताला खुलने पर टीम ने अंदर प्रवेश किया। कमरों की आलमारियों में रखे तमाम दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, बभनगांवा मोहल्ले में राकेश श्रीवास्तव व अंशू श्रीवास्तव का पैतृक आवास है। इनका परिवार लखनऊ में रहता है। सुबह करीब नौ बजे दो कार में लखनऊ के आयकर अधिकारी रोहित कसाना, गोरखपुर के आयकर अधिकारी वीपी सिंह, शिव अवतार शुक्ला व जिले के आयकर अधिकारी मनीष पाठक की टीम आवास पर पहुंची। यहां दरवाजे पर ताला लटक रहा था। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की।
राकेश के आवास के पास रहने वाले उनके एक सहयोगी को टीम ने रोक कर घर खुलवाने की बात की। मगर, उसने चाबी होने से इन्कार कर दिया। इसके बाद टीम मय दलबल व्यवसायी के दरवाजे पर ही बैठ गई। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दरवाजे का ताला खुला और टीम ने घर मेंं प्रवेश किया। यहां कमरों की तलाशी ली। कमरों की आलमारियों में मिले अभिलेख को भी एकत्रित करने के बाद वहीं जांच-पड़ताल शुरू कर दी। देर शाम तक टीम आवास पर ही मौजूद रही।
टीम में शामिल गोरखपुर के आयकर अधिकारी वीपी सिंह ने कोई भी जानकारी देने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि लखनऊ के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल टीम यहां अभिलेख की जांच-पड़ताल करेगी। टीम के अलावा किसी को भी घर में आने-जाने से रोक दिया गया था।
-
लखनऊ और नोएडा में है कारोबार
राकेश श्रीवास्तव का लखनऊ में कॉल सेंटर के अलावा जमीन का कारोबार है। राकेश के करीबियों के अनुसार वह कंप्यूटर साॅफ्टवेयर का कार्य भी करते हैं। उनकी संस्था देश के अलावा विदेश में भी कार्य करती है।