फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: रायबरेली के युवक की मौत की जांच शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली के युवक की मौत की जांच शुरू
विज्ञापन

जिला अस्पताल में नौ दिसंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मौत
रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र का रहने वाला था रामबेलास
बस्ती। रायबरेली के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ खाने से जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। मामले का तार संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद से जुड़ रहा है। सोमवार को मुंडेरवा थाने के खजौला चौकी इंचार्ज चंद्रप्रकाश छानबीन करने संतकबीरनगर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के रामपुर सुधौली निवासी के रहने वाले रामबेलास (24) की नौ दिसंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ खाने से जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। उसकी जेब से मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र मिलने से मामले ने तूल पकड़ लिया। पत्र में कहा गया है कि उससे संतकबीरनगर के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र की एक लड़की के परिवार के लोग 20 लाख रुपये मांग रहे हैं। अन्यथा वे जान से मारने या जेल भिजवाने की धमकी दे रहे हैं।
विज्ञापन

उधर, सूचना पाकर परिवार के लोग पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात शव लेकर घर चले गए। परिवार के लोगों ने भी हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। ऐसे में बिसरा प्रिजर्व कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, रामबेलास मुंडेरवा थाना क्षेत्र के नरियांव के पास किराए के मकान में रेस्टोरेंट चलाता था। नौ दिसंबर की सुबह करीब आठ बजे वह खुद ही जिला अस्पताल पहुंचा था। उसकी तबीयत खराब देख चिकित्सक ने उसे भर्ती कर दिया। चिकित्सक से उसने विषाक्त पदार्थ के सेवन करने की बात कही। करीब पांच घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
सूचना पाकर पहुंचे जिला अस्पताल चौकी प्रभारी ललितकांत ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के पास से एक आधार कार्ड व मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र मिला। इसके आधार पर पुलिस ने पहचान कर परिजनों को जानकारी दी।
चौंकाने वाला है मुख्यमंत्री को लिखा गया पत्र
पुलिस के पास मौजूद मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में लिखी कहानी काफी अजीबोगरीब और सनसनीखेज है। उसमें लिखा गया है कि 2016 में मुंबई में रामबेलास, खलीलाबाद क्षेत्र की लड़की के परिवार के संपर्क में आया। मगर 2020 में उसके (रामबेलास) के परिवार वालों ने उसकी शादी तय कर दी। इसकी जानकारी लड़की के परिवार वालों को हुई तो वे लोग अपनी लड़की से शादी करने की जिद करने लगे। वह नहीं माना तो 29 सितंबर 2021 को मुंबई में ही उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवा दिया। सात दिन तक वह जेल में रहा। छूटकर आया तो लड़की के परिवार के लोगों ने धर्म बदलकर शादी करने का दबाव डाला। इस पर उसने धर्म बदलकर अपना नाम रहमान सैय्यद रख लिया। ऐसा करने पर उसके घरवालों ने घर से निकाल दिया, तो उसने नरियांव आकर रेस्टोरेंट खोल लिया। इधर, लड़की के परिवार के लोगों ने भी शादी करने से इंकार कर दिया। उल्टे मुकदमे में सुलह करने के लिए 20 लाख रुपये मांगने लगे। धमकी देने लगे कि पुलिस से शिकायत की तो जान से जाओगे। हालांकि इस पत्र में दिनांक और रामबेलास के हस्ताक्षर नहीं है।
विज्ञापन

पत्र में लिखे खलीलाबाद के संबंधित परिवार से पूछताछ के लिए चौकी इंचार्ज खजौला को भेजा गया है। अभी उनकी रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। इस मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस हिसाब से आगे कार्रवाई की जाएगी।
-अरविंद कुमार शाही, प्रभारी निरीक्षक, मुंडेरवा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें