अवैध लाइन व ट्रांसफाॅर्मर लगाने के मामले में सिर्फर्जां च का आश्वासन
कार्रवाई न होने से अवैध कार्यों में संलिप्त कर्मियों का बढ़ा हुआ है मनोबल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। विद्युत वितरण निगम में अवैध लाइन, ट्रांसफाॅर्मर और उपभोक्ताओं से धन उगाही की शिकायतें खूब हो रही है। विभागीय अधिकारी जांच कराने के बजाय शिकायतों को दबाने का कार्य कर रहे हैं। इससे अवैध कार्य में संलिप्त कर्मियों के मनोबल बढ़े हुए हैं। वह आए दिन क्षेत्र में कहीं न कहीं मनमानी कर रहे हैं।
दुबौलिया उपखंड अधिकारी रहे मनोज कुमार पर धन उगाही का आरोप उनके ही चालक ने लगाया था। उपखंड अधिकारी पर आरोप है कि वह बिजली चोरी, स्थायी विच्छेदन के मामले में क्षेत्र के तमाम उपभोक्ताओं से धन उगाही कर चुके हैं। मामले में टीम का गठन पर जांच के निर्देश मुख्य अभियंता ने दिए थे। दो माह बीत जाने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो पाई।
रुधौली तहसील क्षेत्र के टिकरी गांव में 20 जुलाई को बिना स्वीकृति के पांच केवीए ट्रांसफाॅर्मर लगा दिया गया। किसी ग्रामीण ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। आनन-फानन ट्रांसफाॅर्मर को 21 जुलाई को हटा दिया गया। तब अधिकारियों ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही थी। इसके बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
बहादुरपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के डेवाडीहा व अरबापुर में विभिन्न योजनाओं के दो ट्रांसफाॅर्मर बिना विभागीय अनुमति के हटाकर दूसरी जगह लगा दिए गए। इस मामले की शिकायत भी हो चुकी है, लेकिन अधिकारी कार्रवाई करने बजाय शिकायतकर्ताओं को जांच कराने का आश्वासन दे रहे हैं। यह दोनों ट्रांसफाॅर्मर सौभाग्य व दीन दयाल योजना के हैं।
...
विधायक को भी जांच का आश्वासन
क्षेत्र में विद्युत निगम की विजिलेंस टीम उपभोक्ताओं से चोरी के नाम पर धन उगाही कर रही है। इस मामले की शिकायत रुधौली के विधायक राजेंद्र चौधरी ने मुख्य अभियंता से की है। इसमें भी अधिकारियों ने विधायक को जांच का आश्वासन देकर दो सदस्यीय टीम गठित की है। फिलहाल जांच शुरू नहीं हो पाई है।