निर्माणाधीन होटल पर आयकर टीम ने बृहस्तिवार सुबह मारा था छापा
जांच के दौरान किसी की कर्मचारी को बाहर निकलने से रोक दिया गया था, सबसे हुई पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती।
क्वांटम ग्रुप के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव के निर्माणाधीन होटल में करीब 17 घंटे तक जांच-पड़ताल के बाद आयकर विभाग की टीम बृहस्पतिवार देर रात 2.30 बजे बाहर निकली। जांच के दौरान किसी भी कर्मचारी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। एक-एक कर्मचारी से टीम ने गहरी पूछताछ कर जानकारी जुटाई। टीम के जाने के बाद होटल कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
आय से अधिक संपत्ति मामले में आयकर विभाग की टीम बस्ती के रहने वाले क्वांटम ग्रुप के चेयरमैन राकेश श्रीवास्तव की चार दिन से जांच कर रही है। पहले उनके बस्ती आवास पर टीम ने छापा मारा। यहां लगातार दो दिन तक जांच की गई। मकान से संबंधित दस्तावेजों के अलावा उनके अन्य संपत्तियों से जुड़े कागजातों की खोजबीन की गई। इसके बाद तीसरे दिन बृहस्पतिवार को आयकर विभाग की टीम अचानक शहर के फव्वारा तिराहा स्थित उनके निर्माणाधीन बहुमंजिला होटल पहुंच गई। टीम ने होटल के एक-एक कमरे की तलाशी ली।
निर्माण के दौरान कंकरीट, डेकोरेशन, फर्नीचर, पानी और बिजली आपूर्ति आदि व्यवस्था में खर्च धन का आकलन किया। सूत्रों के अनुसार होटल के कमरों, सीढि़यों तक की नाप जोख की गई। एक- एक कर्मचारी से होटल निर्माण से संबंधित जानकारी जुटाई गई। शुक्रवार सुबह कोई कर्मचारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं था। आयकर टीम ने भी कुछ भी जानकारी साझा नहीं की है।
बस्ती में मिलीं दो संपत्तियां
आयकर टीम में शामिल अफसर रोहित कसाना, गोरखपुर के आयकर अधिकारी वीपी सिंह एवं बस्ती के आयकर अधिकारी मनीष पाठक की संयुक्त टीम की जांच में राकेश की बस्ती में दो अचल संपत्तियां फिलहाल पाई हैं। बभनगांव मोहल्ले में उनका पैतृक निवास मिला है। यहां पहले उनके माता-पिता एवं परिवार के अन्य सदस्य निवास करते रहे। बड़ा कारोबारी बनने के बाद राकेश और उनके भाई बाहर रहने लगे। इससे पैतृक निवास पर उनका आना-जाना कम हो गया। दूसरी संपत्ति फव्वारा तिराहे पर निर्माणाधीन होटल के रूप में पाई गई है।
..
तरह-तरह के लगाए जा रहे कयास
आयकर विभाग की टीम की राकेश के घर और निर्माणाधीन होटल पर छापे से तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। शहर के बड़े व्यवसायी, राजनीतिज्ञ एवं कारोबारियों में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। आयकर एवं जीएसटी से जुड़े जानकारों में भी पूरे दिन इसको लेकर चर्चा रही।