- दो अक्तूबर की मारपीट का पुलिस ने लिया संज्ञान, पकड़कर ले गई थाने
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडेरवा। थानाक्षेत्र के अंडासंडा चौराहे के एक झोलाछाप की कुछ लोगों ने जमकर पिटाई की। आरोप है कि उसने बुखार से पीड़ित 10 वीं की छात्रा के इलाज के बहाने अश्लील हरकत की। मामले की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और आरोपी झोलाछाप को थाने ले गई। छात्रा के परिवार वालों की तरफ से फिलहाल कोई शिकायत नहीं की गई है।
अंडासंडा चौराहे के झोलाछाप की क्लीनिक पर दो अक्तूबर को चिकित्सा शिविर लगा था। जहां थाना क्षेत्र के एक गांव की दसवीं की छात्रा इलाज कराने गई थी। आरोप है कि झोलाछाप छात्रा को अंदर ले गया और अश्लील हरकत करने लगा। छात्रा अपने घर गई और परिवार के लोगाें से शिकायत की। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग क्लीनिक पर पहुंचे और उसकी पिटाई करने लगे। बाद में यूपी-112 पुलिस पहुंची और सुलह समझौता करवा कर मामले को निपटा दिया। उस दिन हुई मारपीट के एक वीडियो का संज्ञान लेकर बृहस्पतिवार को पुलिस झोलाछाप को पकड़कर थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि परिवार के लोगों को भी बुलाया गया है। अगर उन लोगों ने कोई तहरीर दी तो उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।