बस्ती। गर्मी के साथ बिजली गुल होने की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। इसका कारण उपकेंद्रों के लिए जरूरी मेंटेनेंस उपकरणों की कमी है। उपकरणों की खरीद टेंडर के चक्कर में फंसी है। इसका खामियाजा जिले के करीब चार लाख उपभोक्ता भुगत रहे हैं। अब यह अवर अभियंता और लाइनमैन पर है कि वे खुद सामान खरीदें या फिर जुगाड़ लगाकर आपूर्ति बहाल करें।
गर्मी में खपत बढ़ने पर फाल्ट के मामले बढ़ जाते हैं। इसे दुरूस्त करने के लिए जरूरी उपकरणों और संसाधनों की जरूरत पड़ती है। विद्युत निगम कर्मी बताते हैं कि स्टोर से खंभा, तार और ट्रांसफार्मर तो मिल रहा है, लेकिन विकेंद्रीकृत (डीसेंट्रलाइज) सामान नहीं मिल रहा है। आपूर्ति में समस्या आने पर जब अभियंता जरूरी सामान लेने स्टोर जाते हैं तो वहां से उन्हें बताया जाता है कि यह सामान विकेंद्रीकृत प्रणाली के तहत अधीक्षण अभियंता स्तर से उपलब्ध कराया जाएगा। जबकि अधीक्षण अभियंता स्तर से संसाधनों को खरीदने के लिए अभी तक टेंडर प्रक्रिया ही शुरू नहीं की गई है। ऐसे में कर्मी व अभियंता अन्य उपकेंद्रों से उधार, जुगाड़ या खुद के खर्चे से संसाधन खरीदकर फाल्ट दूर करने का काम कर रहे हैं। स्टोर के अधिशासी अभियंता मनीराम यादव बताते हैं कि आपूर्ति में लगने वाले छोटे सामान को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी अधीक्षण अभियंता की है।
शहर के सर्वाधिेक फाल्ट वाले इलाके
शहरी क्षेत्र के पुरानी बस्ती में बिजली कटौती की सर्वाधिक परेशानी नागरिक झेलते हैं। शहरी क्षेत्र के पठान टोला, माली टोला, चिकवा टोला, मंगल बाजार, हडिया चौराहा की आबादी करीब 50 हजार है। यहां सर्वाधिक लाइन फाल्ट होती है।
-
दिन फाल्ट की संख्या
02 मई 14
03 मई 11
04 मई 16
05 मई 18
06 मई 13
07 मई 09
08 मई 18
09 मई 28
जेब से खर्च कर जुटाते हैं संसाधन
- एक अवर अभियंता ने बताया कि जो संसाधन स्टोर में नहीं मिल पाते उन्हें दूसरे उपकेंद्र से उधार लेकर काम चला रहे हैं। जब संसाधन किसी अन्य उपकेंद्र पर उपलब्ध नहीं होते तो खुद की जेब से रुपये खर्च कर मंगाने पड़ते हैं। बताया कि लाइन एक घंटे से अधिक फाल्ट होने पर कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सभी अवर अभियंता कुछ न कुछ जुगाड़ करके आपूर्ति सामान्य बनाने का जतन करते हैं।
इन जरूरी उपकरणों की है कमी
एलटी केबल- ट्रांसफार्मर से एलटी लाइन को जोड़ने वाली केबल
एलटी क्लंफ- सीमेंट के खंभे पर क्लंफ के सहारे ही तार लगाए जाते हैं।
एलटी स्टड- तारों को ट्रांसफार्मर जोड़ने में सहायक धातु का नट बोल्ट।
ट्रांसफार्मर लग्स- ट्रांसफार्मर और तारों के बीच लगाया जाने वाला धातु का टुकड़ा।
ब्रिदर- पावर ट्रांसफार्मर के तेल में नमी को रोकता है।
जेंड क्लंप- ट्रांसफार्मर पर लगाई जाने वाली धातु की पट्टी।
टॉग टेस्टर- एक यंत्र, जिससे करंट के फ्लो की बैलेंस किया जाता है।
मेगर- आपूर्ति केबल की खामियों का पता करने वाला यंत्र।
आर्किंग हॉर्न- आकाशीय बिजली से पावर ट्रांसफार्मर को सुरक्षा प्रदान करता है।
तार टाइट करने के लिए रस्सा तक नहीं
- संसाधनों का आलम यह है कि स्टोर से अवर अभियंताओं को तार टाइट कराने के लिए रस्सा तक नहीं मिल पा रहा है। दूसरी ओर सुरक्षा उपकरणों का न होना भी मुसीबत पैदा कर रहा है। स्टोर में अर्थ चेन, सेफ्टी बेल्ट, हैंडग्लब आदि सुरक्षा से जुड़े उपकरण भी नहीं हैं। इसके अलावा एलटी इंसुलेटर आदि मामूली संसाधन भी बिजली स्टोर में उपलब्ध नहीं हैं।
मंगलवार को बढ़ गई लोकल फाल्ट की संख्या
- करीब 15 दिनों से तापमान 35 से 38 डिग्री तक रहने के बाद मंगलवार को दिन काफी गर्म रहा। तापमान बढ़ने के बाद फाल्ट की समस्याएं भी बढ़ गईं। सोमवार को शहर में प्रति उपकेंद्र लोकल फाल्ट की संख्या औसतन छह रही। जबकि मंगलवार को यह 10 तक पहुंच गई। हालांकि कहीं ट्रांसफार्मर में खराबी की समस्या नहीं आई।
वर्जन-
- डीसेंट्रलाइज संसाधनों की खरीद विद्युत वितरण मंडल स्तर पर ही की जा सकती है। जब अधिशासी अभियंता संसाधनों की मांग करते हैं तो खरीद की प्रक्रियाएं पूरी कर संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं। अभी तक किसी ने संसाधन की कमी की सूचना नहीं दी है।
-एसके आर्या, अधीक्षण अभियंता।