वाल्टरगंज। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में स्थापित सामुदायिक शौचालय नहीं खुल रहे हैं, जिससे शौचालय विहीन परिवार खुले में जाने को मजबूर हैं। सदर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनगंवा के भिटिया स्थिति शौचालय निर्माण के बाद से ही बंद है।
गांव निवासी संजय कुमार ने बताया कि बनने के बाद से शौचालय कभी नहीं खुला, जिससे यह लोगों के प्रयोग में नहीं है। राजेश कुमार ने बताया कि शौचालय न खुलने से ग्रामीण खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। श्याम करन ने बताया कि उनके पास खुद का शौचालय नहीं है। सामुदायिक शौचालय कभी नहीं खुलता है, ऐसे में वह खुले में जाने को मजबूर हैं। सचिव राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि शौचालय खोलने व बंद करने के लिए केयर टेकर तैनात किया गया है। यदि उसे नहीं खोला जा रहा है तो ग्रामीण शिकायत करें। केयर टेकर पर कार्रवाई की जाएगी।