नगर पंचायत कार्यालय पर ताला जड़कर कर्मियों ने किया प्रदर्शन
- अध्यक्ष पर कर्मचारियों का उत्पीड़न करने का आरोप
- कर्मियों ने सफाई व पानी आपूर्ति की बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। नगर पंचायत में संविदाकर्मी ट्रैक्टर चालक को जबरन नौकरी से निकालने और टैक्स कलेक्टर को अनुपस्थित करने के विरोध में नगर पंचायत कर्मियों ने कार्यालय पर सोमवार को प्रदर्शन किया। कर्मियों ने नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई कार्य और पानी आपूर्ति रोक दिया। इससे वार्डों में दिनभर गंदगी फैली रही। अधिशासी अधिकारी के आश्वासन के बाद कर्मी काम पर लौटे।
नगर पंचायत में करीब 14 सालों से संविदा पर वेदप्रकाश ट्रैक्टर चलाते हैं। अप्रैल में बिना कारण बताए उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया। तब उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। दूसरा मामला टैक्स कलेक्टर शैलेंद्र सिंह से जुड़ा है। शैलेंद्र का आरोप है कि उपस्थिति के बावजूद सालभर से नगर पंचायत अध्यक्ष उन्हें अनुपस्थित कर रहे हैं। अध्यक्ष के बर्ताव से क्षुब्ध कर्मियों ने सोमवार को सुबह 10 बजे से ही नगर पंचायत कार्यालय पर ताला लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पानी न मिलने से कस्बावासियों में खलबली मच गई। दोपहर करीब एक बजे अधिशासी अधिकारी संजय कुमार राव कर्मचारियों से वार्ता करने पहुंचे। कर्मियों को उन्होंने आश्वासन दिया कि ट्रैक्टर चालक को दोबारा काम पर रखा जाएगा और टैक्स कलेक्टर को अनुपस्थित करने के मामले में अध्यक्ष से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि आश्वासन के बाद सभी कर्मी काम पर लौट आए हैं। जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा।