धोबहट में अगस्त 2020 में अंबिका की हुई हत्या में है वांछित
संवाद न्यूज एजेंसी
कलवारी। हत्या के आरोप में फरार धोबहट निवासी अवधेश यादव की संपत्ति कुर्क की जाएगी। न्यायालय से जारी इस आशय का नोटिस आरोपी के घर पर चस्पा कर दिया गया है।
धोबहट निवासी अंबिका यादव की 9 अगस्त 2020 को हत्या कर दी गई थी। उनके बेटे राजेश यादव ने अवधेश यादव, राम नरायन यादव, नीरज यादव, गंगा प्रसाद, जगदीश, राम गनेश, रमेश व कुछ अज्ञात पर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के दौरान हरफूल व चंद्रहास का नाम बढ़ाते हुए अवधेश व रामन नरायन का नाम निकाल दिया था। बाकी अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान गवाही कराई गई तो गवाहों के बयान के आधार पर विवेचक ने निकाले गए नाम को फिर जोड़ दिया। मुकदमे में नाम जुड़ने के बाद कोर्ट ने अवधेश व राम नरायन के विरुद्ध वारंट जारी किया गया। पुलिस ने राम नरायन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मगर, अवधेश यादव वारंट पर हाजिर नहीं हो रहे हैं।
ऐसे में कुर्की की कार्रवाई शुरू करते हुए न्यायालय ने निर्देश दिया कि वह 9 अक्तूबर 2024 तक यदि समर्पण नहीं करता है तो उनकी चल अचल संपत्ति कुर्क कर दी जाएगी। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि माझा खुर्द चौकी प्रभारी हरि प्रकाश तिवारी ने वारंटी अवधेश यादव के घर चस्पा करते हुए गांव में डुग्गी-मुनादी करा दी है।