सरस्वती विद्या मंदिर रामबाग में जेईई एडवांस में चयनित छात्रों को प्रधानाचार्य ने किया सम्मानित।
बस्ती। जेईई एवं नीट उत्तीर्ण जनपद के होनहारों के लिए अलग-अलग जगहों पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से अभिभावकों के साथ उन्हें सम्मानित किया गया। गुरुजनों और अतिथियों से सम्मान के साथ शाबाशी मिलने पर होनहार खुशी से उछल पड़े। वह उत्साह से लबरेज नजर आए। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामबाग में जेईई एडवांस्ड उत्तीर्ण तीन छात्रों और उनके अभिभावकों का सम्मान हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह ने जेईई एडवांस्ड में चयनित छात्रों को स्मृति चिह्न एवं उनके अभिभावकों काे अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। दिव्यमान पाल 1023 रैंक, अभिनय श्रीवास्तव 3559 रैंक एवं अवनीश चौधरी के 5792वीं रैंक हासिल करने पर विद्यालय की ओर से प्रसन्नता व्यक्त की गई। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उप प्रधानाचार्य विजय प्रताप पाठक, वरिष्ठ आचार्य विनोद सिंह, राजीव कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
हर्रैया प्रतिनिधि के अनुसार रामकुमार विक्रम सिंह इंटर कालेज थाना खास में आयोजित समारोह के दौरान नीट में सफल हुए दो छात्रों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय की निदेशक किरन सिंह ने सफल विद्यार्थियाें का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें सतत प्रयत्नशील रहना होगा।
उन्होेंने नीट में उत्तीर्ण अमरेश यादव व अनमोल उपाध्याय को पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान शिक्षकों ने दोनों छात्रों का माल्यार्पण कर उनका मनोबल बढ़ाया। इस मौके पर डीपी सिंह, किरण सिंह, आरके सिंह, पीएस सिंह, मोबीन खान, रामकुमार तिवारी, राम सजीवन, संतोष कुमार सिंह, संगम तिवारी, केके सिंह, राम गोपाल सिंह, परमजीत वर्मा, पद्माकर सिंह आदि मौजूद रहे।