- नासिक में प्याज कारोबारियों की हड़ताल का दिखने लगा है असर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। टमाटर के तेवर ढीले पड़े तो प्याज ने नखरे दिखाने शुरू कर दिए। पिछले दो दिनों में थोक मंडी में प्याज की कीमतों में चार रुपये प्रति किलो तक का उछाल आया है।
बताते हैं कि नासिक के प्याज कारोबारियों की हड़ताल की वजह से ऐसा हुआ। व्यापारियों को उम्मीद है कि सरकार प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाएगी। दरअसल, नासिक के कारोबारी केंद्र सरकार की दो एजेंसियों नाफेड और एनसीसीएफ में प्याज की खरीद के विरोध में बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं। प्याज के थोक कारोबारी सलीम ने बताया कि शनिवार को प्याज की कीमतों में दो रुपये की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। नासिक के कारोबारियों की हड़ताल जल्द खत्म नहीं हुई तो आने वाले दिनों में प्याज की कीमत में और उछाल आ सकता है। रविवार को मंडी में प्याज 26 से 29 रुपये किलो की दर से बिका। वहीं खुदरा बाजार में प्याज की कीमत 40-45 रुपये प्रति किलो रही। व्यापारियों ने बताया कि मंडी में प्रतिदिन औसतन 80 टन प्याज की खपत होती है।