बस्ती। जिला अस्पताल में समूह की महिलाएं अब मरीजों के लिए भोजन और नाश्ता तैयार करके परोसेंगी। शनिवार को प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की तरफ से जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में प्रेरणा कैंटीन संचालित किए जाने के क्रम में जिला अस्पताल में भी शनिवार को प्रेरणा कैंटीन का शुभारंभ हुआ। यहां समूह की महिलाओं की तरफ से बनाए गए भोजन मरीजों एवं तीमारदारों को परोसा जाएगा। प्रेरणा कैंटीन खोले जाने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से हरी झंडी पूर्व में मिल गई थी। शासन की तरफ से जिले स्तर पर संचालित सभी सरकारी अस्पतालों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रेरणा कैंटीन संचालित करने के लिए निर्देश जारी किया गया है। प्रेरणा कैंटीन के संचालन से जहां समूह की महिलाओं को रोजगार उपलब्ध होगा, वहीं मरीजों को और उनके तीमारदारों को शुद्ध भोजन मिलेगा। सबसे पहले जिला महिला अस्पताल में समूह की महिलाएं कैंटीन संचालित कर रही हैं। अब जिला अस्पताल में कैंटीन संचालित होने से उनको रोजगार मिल गया। डीसी एनआरएलएम आशा देवी ने बताया कि जिला अस्पताल में कैंटीन के लिए समूह को नामित कर दिया गया है। प्रशिक्षित महिलाएं यहां भोजन, नाश्ता आदि तैयार करेंगी। इससे उन्हें रोजगार मिल सकेगा। इसके अलावा सीएचसी एवं पीएचसी में प्रेरणा कैंटीन खुल गई है। एसआईसी डॉ. खालिद रिजवान ने बताया कि कैंटीन के खुलने से मरीज अपने जरूरत के हिसाब से खाद्य पदार्थ की खरीदारी उचित दर पर कर सकेंगे। इस दौरान डॉ. जीएम शुक्ल आदि मौजूद रहे।