मंडलायुक्त ने कृषि विज्ञान केंद्र का किया भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया का रविवार को मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने भ्रमण किया। उन्होंने केंद्र पर वर्मी कंपोस्ट, मुर्गी पालन, बकरी पालन, जगरी यूनिट, कालानमक धान के परीक्षण आदि का जायजा लिया। केंद्र पर लगाई गई मौसमी की प्रजाति कॅलेशिया की फलत देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। वैज्ञानिकों को निर्देश दिया कि इसकी पौध तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराएं, ताकि वह खेती के साथ मौसमी का भी उत्पादन कर सकें। उन्होंने पाली हाउस में उत्पादित टमाटर, बैगन, मिर्च, शिमला मिर्च, फूल गोभी, पत्ता गोभी व प्याज की नर्सरी का अवलोकन किया। नेट हाउस में लगाए गए आम की रंगीन प्रजातियों की पौधों को देखकर प्रसन्नता जताई। वैज्ञानिकों ने उन्हें अवगत कराया कि टमाटर, बैगन, मिर्च, शिमला मिर्च की उन्नतिशील प्रजातियों के पौध की पौध तैयार हो चुकी है। इसे किसानों को बिक्री की जा रही है। मौके पर केंद्र के अध्यक्ष, वरिष्ठ वैज्ञानिक डाॅ. डीके श्रीवास्तव, डाॅ. विनोद बहादुर सिंह, हरिओम मिश्र आदि मौजूद थे।