स्वास्थ्य विभाग की जांच में एक निजी अस्पताल का पाया गया किट
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर से सटे पटेल चौक पर तीन बोराें में कोविड कॉल में आया पीपीई किट (संक्रमण नियंत्रण के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) हाईवे पर फेंका मिला। इसकी भनक लगते ही स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया। मौके पर एसीएमओ डॉ. एके चौधरी ने पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू की। जांच में यह तथ्य उजागर हुआ कि यह पीपीई किट बड़ेवन स्थित एक अस्पताल का है और एक्सपायरी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी अस्पताल से संपर्क साधा तो पता चला कि अस्पताल बदलने के चक्कर में पीपीई किट गाड़ी से गिर गया, जिसे हटवा दिया गया है।
शुक्रवार को दोपहर बाद लोगों ने तीन बाेरों में फेंका गया सामान देखा। पटेल चौक पर गड्ढे में गिरे सामान को देखकर ग्रामीण बोरों को खोल दिया। उसमें रखा पीपीई किट देखकर लोगों ने स्वास्थ्य विभाग में सूचना दी। एसीएमओ डाॅ. अशोक कुमार चौधरी ने कहा कि पीपीई किट फेंका हुआ पाया गया है। यह वर्ष 2021 का है, जो एक्सपायर हो गया है। संबंधित निजी अस्पताल को हटवाने के निर्देश दिए गए हैं।