ग्रामीणांचलों में सामान्य हुई बिजली आपूर्ति
पीक ऑवर में 30 से 60 मिनट तक कट रही बिजली
बस्ती। कोयले की कमी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले हफ्ते बिजली का संकट पैदा हो गया था। नवरात्र के महीने में अघोषित कटौती के कारण उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त था। रविवार से आपूर्ति में काफी सुधार हुआ और रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति दी जा रही है। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को काफी सहूलियत मिली है। पिछले हफ्ते ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार से शुरू हुई अघौषित कटौती रविवार से सामान्य होती दिख रही है। सोमवार रात में भी आपूर्ति सामान्य बनी रही। हालांकि आपातकालीन रोस्टिंग का सिलसिला जारी है, लेकिन अब यह दीर्घकालिक न होकर 30 से 60 मिनट पर सिमट गया है। ट्रांसमिशन प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार बिजली का संकट काफी कम हो गया है। रोस्टर के अनुसार शहर में 24, तहसीलों में 21 व ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे आपूर्ति दी जा रही है। नवरात्र के कारण ग्रामीण क्षेत्रों दो घंटे अतिरिक्त आपूर्ति दी जा रही है। शाम छह से 11 बजे (पीक ऑवर) के बीच अब भी आपातकालीन रोस्टिंग कराई जा रही है। सहायक अभियंता सतीश कुमार सिंह ने बताया कि नवरात्र से पहले 170 से 175 मेगावाट बिजली खपत थी, जो अब 190 से 200 मेगावाट प्रतिदिन खर्च हो रही है। सारनाथ स्थित कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद पीक ऑवर में अधिकतम 30 से 60 मिनट आपूर्ति रोकी जा रही है।