फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: उपभोक्ताओं को रुला रही बिजली

Sun, 23 Jul 2023 11:13 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
बस्ती। विद्युत विभाग के शेड्यूल में बिजली कटौती नहीं है, लेकिन उपभोक्ताओं को बिजली हर क्षण रुला रही है। कभी कटौती तो कभी लो-वोल्टेज की समस्या से शहरवासी परेशान हैं। भीषण गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। ऐन मौके पर बिजली दगा दे रही है। लोड बढ़ते ही फाल्ट की समस्या बढ़ जा रही है।
विज्ञापन

चौबीस घंटे में छह विद्युत उपकेंद्रों पर 45 से 50 फाल्ट दर्ज हो रहा है। इसके चलते कटौती भी हो रही है। गर्मी में बिजली का कोई भरोसा नहीं है। उमस से व्याकुल लोग जब घरों में बिजली के सहारे सुकून भरी सांस लेने की चाह में हैं, तो वह गुल हो जा रही है। काफी देर बाद पता चल रहा है कि कहीं जंपर टूटने या ट्रांसफाॅर्मर के फ्यूज उड़ने जैसा फाल्ट हो गया है। शहर के एक दर्जन ट्रांसफॉर्मर रात में हांफते हुए आपूर्ति कर रहे हैं। इससे लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
पिकौरा शिवगुलाम, मंगला कालोनी, रौतापार, बैरिहवां, आवास विकास समेत एक दर्जन मुहल्लों में पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पा रहा है। इसकी मुख्य वजह अधिक लोड बढ़ना बताया जा रहा है। दरअसल रात में एसी, कूलर के उपयोग ज्यादा हो रहे हैं, जिससे पुराने हो चुके ट्रांसफाॅर्मर एवं जर्जर तार लोड नहीं संभाल पा रहे हैं। दिन में तल्ख धूप के दौरान बिजली कई बार कट रही है। रविवार को सुबह से शाम तक लगभग 20 फाल्ट दर्ज किए गए। बिजली विभाग के कर्मचारी सीढि़यों के साथ पूरे दिन इधर से उधर दौड़ते रहे।
विज्ञापन

आपूर्ति कई बार ठप करनी पड़ी। खामियों को दूर करने के बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। पिकौरा बख्श के प्रत्यूष सिंह ने कहा कि इन दिनों बिजली भरोसेमंद नहीं रह गई है। बृहस्पतिवार की पूरी रात सोने को नहीं मिला। बिजली आती जाती रही। शिवा काॅलोनी के राजेश सिंह ने बताया कि लो-वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पंखे, कूलर कुछ भी नहीं चल रहे हैं। वोल्टेज घटने बढ़ने के चलते इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं।
-
बनकटी का 5 एमवीए ट्रांसफाॅर्मर खराब
देईसाड़ उपकेंद्र के बनकटी फीडर का 5 एमवीए ट्रांसफाॅर्मर खराब हो गया है। यहां बिजली न मिलने से जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। चार दिनों से बानपुर फीडर से रोस्टर बनाकर नगर पंचायत सहित बानपुर, महादेवा के करीब 10 हजार उपभोक्ताओं को तीन से चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उमस भरी गर्मी से लोग व्याकुल है। विभाग ट्रांसफाॅर्मर मरम्मत के कार्य में जुटा है।
अभी तक यह ठीक नहीं हो सका है, जिससे ओवरलोड की समस्या बढ़ गई है। देईसाॅड़ के मेढ़ई चौधरी, बाबू राम चौधरी, विवेकानंद शुक्ला ने बताया कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती से परेशानी बढ़ गई है। घरों में महिलाओं, बच्चों का रहना मुहाल हो गया है। एसडीओ प्रभाकर ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर को क्वायल जल गई थी, जिसे दुरुस्त कर दिया गया है। सोमवार को ट्रायल के बाद चालू किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें