दुबौलिया। थाना क्षेत्र के जोगहटा गांव में मीटर रीडर से चार अगस्त को एक उपभोक्ता ने अभद्रता की थी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो पांच अगस्त की रात बिजली कर्मियों ने थाने की लाइट खराब कर दी, जिससे पुलिसकर्मी रातभर परेशान रहे। वह रातभर बिजली विभाग के संविदा लाइनमैनों से मिन्नतें करते रहे, लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने से खार खाए कर्मियों ने उनकी एक न सुनी।
उल्लेखनीय है कि विद्युत उपकेंद्र दुबौलिया पर तैनात मीटर रीडर हरीश कुमार चार अगस्त को थाना क्षेत्र के जोगहटा गांव में मीटर रीडिंग लेने गए थे। जहां एक उपभोक्ता के घर पर लगे मीटर की रीडिंग अधिक मिली। इससे उपभोक्ता नाराज हो गए और रीडर हरीश कुमार का मोबाईल, प्रिंटर, डाटा केबल और उनका बैग छीन लिया। आरोप है कि बिजली उपभोक्ता ने रीडर से अभद्रता करते हुए गाली गलौच भी की। मामले में मीटर रीडर ने दुबौलिया पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले में कार्रवाई के बजाय टालमटोल करती रही।
पांच अगस्त की रात दर्जनभर संविदा लाइनमैन व मीटर रीडर थाने पहुंचे और मामला दर्ज करने की मांग की। फिर भी पुलिस उनकी नहीं सुनीं, इससे नाराज लाइनमैनों ने थाना परिसर में लगा ट्रांसफाॅर्मर का फ्यूज उड़ा दिया, जिससे पूरे थाने की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
थानाध्यक्ष इंद्र भूषण सिंह ने बताया कि ऐसी कोई बात नहीं है। केबल में फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे ठीक करा लिया गया है। मीटर रीडर से अभद्रता मामले में दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया है। -
थाने की बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी मुझे नहीं है। मीटर रीडर से अभद्रता मामले में दुबौलिया पुलिस को तहरीर दी गई है। सीओ ने मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया है।
-पीके गुप्ता, अधिशासी अभियंता, हर्रैया