बस्ती। विद्युत निगम की कम वसूली पर डीएम प्रियंका निरंजन नाराज हो गईं। उन्होंने राजस्व प्राप्ति कम होने पर असंतोष जताते हुए हाईलॉस वाले फीडर और ट्रांसफाॅर्मर चिह्नित करने के निर्देश दिए। कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में कम से कम एक लाख कनेक्शन देकर उपभोक्ताओं की संख्या में वृद्धि की जाए।
डीएम कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को कर करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की मासिक समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी आवासीय कॉलोनी में विद्युत मीटर लगाए जाएं और बिलिंग की जाए। गांधीनगर, बड़ेवन, कचहरी, आवास विकास कॉलोनी, पांडेय बाजार, नई बाजार में बिलिंग बढ़ाएं। कम वसूली के लिए बिलिंग एजेंसी को जिम्मेदार ठहराया गया।
डीएम ने निर्देश दिया कि सुधार न होने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए नोटिस जारी करें। सर्वाधिक कम राजस्व प्राप्ति वाले क्षेत्र के जेई तथा एई के विरुद्ध भी कार्रवाई हो। इसके अलावा खनन का 25 करोड़ तथा वानिकी का 2.73 करोड़ रुपये का लक्ष्य जनपद के हिसाब से काफी अधिक है। इसको कम करने के लिए शासन को पत्र लिखें। बाटमाप विभाग को निरीक्षण की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया।
पांच वर्ष पूरा न करने वाले नगर निकायों को निर्देशित किया कि बोर्ड में प्रस्ताव लाकर आवास तथा जल चार्ज लगाए और वसूली भी करें। नगर निकाय क्षेत्र नगर बाजार, भानपुर, बनकटी में शासन से गोशाला स्वीकृत हो गई है। अभी तक भूमि नहीं उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने को कहा।
डीएम ने निकाय क्षेत्रों में नालों की सफाई एवं ड्रेनेज के लिए इस्टीमेट तैयार करने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में अपेक्षित प्रगति न होने पर भानपुर तथा गनेशपुर के अधिशासी अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। नगरीय क्षेत्र के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूल तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प शुरू न होने पर डीएम ने अधिशासी अधिकारियों को चेतावनी दी है। सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया कि एंटी भू माफिया पोर्टल पर नव चिह्नित भूमाफिया का विवरण दर्ज कराए। तहसील स्तर से की जाने वाली वसूली बढ़ाने पर भी जोर दिया। 5 वर्ष से अधिक विभिन्न न्यायालयों में लंबित लगभग 3500 वाद को प्राथमिकता के साथ निस्तारण कराया जाए।
इस मौके पर डीएफओ नवीन कुमार शाक्य, सीआरओ ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, एसडीएम विनोद पांडेय, गुलाबचंद, आशुतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।