कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में 200 की जगह 100 एमएल मिल रहा दूध
प्रत्येक विद्यालय को 1.80 लाख रुपये हर माह देती है सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। यहां की बेटियों को घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है। उनकी सेहत के नाम पर मिलने वाले सामान से ठेकेदार मालामाल हो रहे हैं। यही नहीं, छात्राओं को सेहतमंद रहने के लिए 200 मिली दूध की जगह सिर्फ 100 एमएल दूध ही दिया जा रहा है। यह गोलमाल राज्य परियोजना निदेशक की जांच रिपोर्ट से उजागर हुआ है।
जनपद में 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हैं। इनमें करीब 1300 छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। इनके रहने व खानपान की व्यवस्था सरकार करती है। अफसरों की मानें तो प्रत्येक स्कूल में 100 छात्राओं का नामांकन हुआ है। जबकि हकीकत इसके विपरीत है। सरकार प्रत्येक छात्रा की डाइट के लिए प्रतिदिन 60 रुपये देती है। इस प्रकार हर माह प्रत्येक विद्यालय को करीब 1.80 लाख रुपये सिर्फ खानपान के मद मिलते हैं। नाश्ते में रोज बॉर्नवीटा मिश्रित दूध देना अनिवार्य रखा गया है, लेकिन कुछ जगहों पर दूध ही नहीं दिया जा रहा है। जहां दिया जा रहा है वहां निर्धारित मात्रा व मानक का पालन नहीं किया जा रहा है।
राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने पांच सदस्यीय टीम का गठन कराकर जांच कराया जिसमें अनियमितता की पुष्टि हुई है। उन्होंने डीएम को पत्र भेजकर विद्यालयों में आपूर्ति की जा रही खाद्य सामग्री की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच टीम में तहसीलदार, बीईओ, बीडीओ, वार्डन व विद्यालय प्रबंध समिति की एक महिला सदस्य हाेंगी।
..
हर दिन निर्धारित है मेन्यू
कस्तूरबा गांधी विद्यालय में हर दिन के लिए अलग-अलग मेन्यू निर्धारित है। सोमवार की सुबह 200 एमएल दूध या दो केला साथ में पोहा, दोपहर में अरहर की दाल, रोटी, सूखी मौसमी सब्जी, चावल, सलाद व रायता, शाम को नाश्ते में चाय, प्याज के पकौड़े, गुड़ व रात के भोजन में रोटी, सूखी सब्जी, मिक्स दाल, चावल व खीर निर्धारित किया गया है। मंगलवार को सुबह दूध, अंडा या दो केले, मिक्स वेज पकौड़ा, दोपहर में मूंग की दाल, सूखी सब्जी, चावल, सलाद, रायता, शाम को चाय, लाई, भुने चने, रात में रोटी, सूखी सब्जी, मिक्स दाल, चावल व पेठा मिठाई, बुधवार को दूध, केला या अंडा, दोपहर में चने की दाल या कढ़ी, चावल दाल, शाम को चाय, मौसमी फल, रात में रोटी, सूखी सब्जी, मिक्स दाल, चावल, बृहस्पतिवार को सुबह में दूध, एक अंडा या दो केले, नमकीन दलिया, दोपहर में उड़द की दाल, रोटी, सूखी सब्जी, दाल, चावल, शाम को चाय, मिक्स वेज पकौड़ा, गुड़, रात में रोटी, सूखी सब्जी, मिक्स दाल, चावल व खीर मेन्यू में शामिल है। इस शुक्रवार, शनिवार और रविवार के भी मेन्यू हैं।
..
केस एक
अप्रैल माह में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमे कस्तूरबा गांधी विद्यालय डिलिया की छात्राएं खाना बना रही थीं। वीडियो में छात्राओं ने समय से खाना न मिलने की बात कह रही थीं। इस मामल की डीएम ने जांच कराई थी।
..
केस दो
विक्रमजोत स्थिति कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सितंबर माह में तीस छात्राएं एकाएक बीमार पड़ गईं। करीब दर्जनभर छात्राओं की हालत अधिक खराब होने पर उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। बड़े पैमाने पर छात्राओं के बीमार होने का कारण उनमें दहशत का माहौल पनपना बताया गया।
..
कोट
खाद्य सामग्री की आपूर्ति होने पर उनकी गुणवत्ता की जांच पांच सदस्यीय टीम से कराई जाती है। इसके बाद भी यदि गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है तो जिला स्तरीय टीम का गठन कर जांच कराई जाएगी।
अनूप कुमार, बीएसए