मामलों के निस्तारण में मिली लापरवाही तो संबंधित पर होगी कार्रवाई
दाेनों पक्षों की सहमति के आधार पर निस्तारित करें शिकायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। थाना समाधान दिवस पर शनिवार को मंडलायुक्त अखिलेश सिंह व आईजी आरके भारद्वाज दुबौलिया थाने पहुंचे। फरियादियों की समस्याएं सुनकर मंडलायुक्त ने कहा कि राजस्व के मामलों का निस्तारण गंभीरता पूर्वक करें। निस्तारण में यदि लापरवाही सामने आई तो संबंधित अफसर व कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस, राजस्व कर्मी के साथ मौके पर जाकर जमीन के विवाद को सुलझाएं।
इस दौरान दोनों अफसरों ने 15 प्रार्थनापत्रों पर सुनवाई की। आईजी आरके भारद्वाज ने कहा दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर ही मामलों का निस्तारण करें। यदि कोई पक्ष असंतुष्ट हो तो तथ्यात्मक रूप से मामलों को सुलझाने का प्रयास करें।
रुधौली थाने में सीओ प्रीती खरवार ने फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान राजस्व विभाग के नौ मामले आए, लेकिन किसी का निस्तारण नहीं हो पाया। सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार तहसीलदार भानपुर पंकज गुप्ता ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व व पुलिस से संबंधित तीन-तीन मामले आए। दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण हुआ। जबकि चार मामलों में राजस्व व पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीम गठित कर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
...
वाल्टरगंज में नहीं पहुंचा कोई जिला स्तरीय अधिकारी
बस्ती। वाल्टरगंज थाने पर आयोजित समाधान दिवस पर कोई जिला स्तरीय अधिकारी नहीं पहुंचा। वरिष्ठ उप निरीक्षक सुरेश कुमार ने सात मामलों की सुनवाई की। मौके पर किसी मामले का निस्तारण नहीं हो पाया। इस मौके पर एसआई सुभाष चंद्र मौर्य, सुरेंद्र प्रताप सिंह, शीला प्रजापति आदि मौजूद रहीं। संवाद
...
थानाध्यक्ष ने सुलझाया पांच साल पुराना विवाद
मुंडेरवा। थाना समाधान दिवस पर फरियादियों की संख्या कम रही। कुल छह मामले मामले आए। थाना प्रभारी रामकृष्ण मिश्रा ने पांच साल पुराने एक मामले को दोनों पक्षों से बातचीत कर सुलझा दिया। एकमा निवासी गुलाब तिवारी और रामवृक्ष यादव के बीच पांच साल से जमीन का विवाद चल रहा था। शिकायत मिलने पर थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों को मौके पर बुलाया और समझा-बुझाकर आपसी सहमति के आधार पर मामले को निस्तारित कराया। संवाद
...
पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद सुलझाया
कलवारी। थाना परिसर में सदर एसडीएम गुलाब चंद्र ने मामलों की सुनवाई की। इसमें एक महिला प्रार्थनापत्र लेकर पहुंची और बताया कि वह शराबी पति से परेशान है। उसने बताया कि पांच साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। दोनों से तीन साल का एक बेटा भी है। इधर कुछ दिन से उसके पति रोज शराब पीकर मारपीट करते हैं। पति के साथ आगे का जीवन यापन कर पाना संभव नहीं है। पति राजेश को भी मौके पर बुलाया गया, नायब तहसीलदार स्वाति सिंह ने उससे पूछा तो उसने बताया कि पत्नी मारपीट व गाली गलौज करती है। थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह व नायब तहसीलदार के समझाने पर दोनों राजी खुशी घर लौट गए। संवाद