फंदे से लटकी महिला को पुलिस ने बचाया
नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के गोटवा गांव में रहने वाली 38 वर्षीय महिला की जान पुलिस की सक्रियता से बच गई। नगर थाना क्षेत्र के गोटवा निवासी अरुण चौधरी के यहां 10 माह से रहने वाली 38 वर्षीय शोभा निवासी मडौरा थाना मडौरा जिला छपरा बिहार ने शुक्रवार को दोपहर डॉयल 112 पर खुद फोन कर आत्महत्या की सूचना दी और अंदर से घर का दरवाजा बंद करके छत के कुंडे से साड़ी का फंदा लगाकर लटक गई। इसी बीच 112 पर तैनात उप निरीक्षक रमेश तिवारी, कांस्टेबल आसिफ अंसारी व फुटहिया चौकी प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्र कांस्टेबल दिलीप कुमार पहुंच गए। उसे सकुशल उतार लिया। फुटहिया चौकी प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है। उसने किन परिस्थितियों में ऐसा किया इसकी भी गहन तफ्तीश की जा रही है। संवाद