सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य की हत्या कर फरार है उनका भतीजा
हर्रैया क्षेत्र के डहडा मिश्र गांव में सोमवार को सुबह हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र के डहडा निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के भतीजे ने उनके चेहरे और सिर पर बेरहमी से वार किया था। पोस्टमार्टम में पाया गया कि उनके दाहिने गाल, नाक, सिर में दाहिनी तरफ ईंट से प्रहार किया गया है। बाकी शरीर में कहीं खरोंच नहीं आई है। आरोपी की तलाश में पुलिस रिश्तेदारियों के घर रात भर दबिश देती रही। मगर कहीं सुराग नहीं मिला।
घटना के वक्त गमछा और बनियान पहने हुए था। वही पहने फरार हुआ है। प्रभारी निरीक्षक राना डीपी सिंह ने बताया कि वह खेतों, पगडंडियों में भी छिपा हो सकता है। इसलिए गांवों में भी खोजबीन कराई जा रही है। इससे पहले प्रधानाचार्य के पुत्र सुनील कुमार शुक्ल ने तहरीर देकर चचेरे भाई राघवेंद्र शुक्ल पर हत्या का केस दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि उनके पिता से आरोपी राघवेंद्र रुपये मांग रहा था। न देने पर उसने ईंट से वार कर मार डाला।
डहडा मिश्र निवासी ब्रह्मदेव शुक्ल छावनी के अशोक इंटर काॅलेज में प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त होकर गांव में ही रहते थे। सोमवार को जब ब्रह्मदेव शुक्ला सुबह करीब 7:30 बजे महुआ बीनने के लिए घर से निकलकर पंचायत भवन के पास पहुंचे तो भतीजे राघवेंद्र शुक्ला (34) ने बड़े पिता ब्रह्मदेव शुक्ला के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ कई वार कर मौत के घाट उतार दिया।
आसपास खेतों में काम करने वालों ने घटना के बाद बदहवास स्थिति में भाग रहे आरोपी को देखा तो को शक हुआ। कुछ लोग पंचायत भवन के पास पहुंचे तो खून से लथपथ पड़ा देखा। हत्या की खबर आग की तरह गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर जुट गए।