महराजगंज(बस्ती)। कप्तानगंज थाने के कच्चीपुर भूपालपुर निवासी संदीप विश्वकर्मा की मौत के मामले की तफ्तीश एसओ छावनी दुर्गेश पांडेय ने शुरू की है। बृहस्पतिवार को वह परिवार वालों से मिले और घटनाक्रम की जानकारी की। घटनास्थल का भी निरीक्षण कर परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया।
बता दें कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कच्चीपुर(भूपालपुर) गांव के रहने वाले संदीप कुमार विश्वकर्मा का 13 जून को रवई नदी के ढोढरहवा घाट पर पानी में उतराया शव मिला था। चरवाहों की सूचना पर परिवार के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शव के पोस्टमार्टम में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई थी। उसके परिवार के लोगों ने संदीप के तीन दोस्तों पर विवाद होने की वजह से साजिशन डुबाकर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस पहले केस दर्ज करने में टालमटोल करती रही। बाद में अधिकारियों के निर्देश पर मृतक के तीन दोस्तों पर हत्या व शव छिपाने का केस दर्ज किया था। मृतक के चाचा बाबूराम ने कप्तानगंज पुलिस पर आरोप लगाया कि वह आरोपियों की गिरफ्तारी न करके उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। उनके प्रार्थनापत्र देने के बाद एसपी ने केस की विवचेना छावनी एसओ को करने का आदेश दिया था।