पुलिस बोली-चोरियों का जल्द किया जाएगा पर्दाफाश
संवाद न्यूज एजेंसी
पैकोलिया। थानाक्षेत्र में माह भर में हुई चोरियों का खुलासा करने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। पचपेड़वा चौराहे पर 16 मार्च की रात देसी शराब की दुकान से ताला तोड़कर छह पेटी शराब, सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर नकदी चोरी हुई थी। मनोज सिंह निवासी सेखुई की तहरीर पर केस दर्ज नहीं हो सका है।
इमिलिया गांव में पंचायत भवन का ताला काटकर 14 अप्रैल की रात में चोरी हुई थी। उसमें रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इन्वर्टर बैटरी, सीसीटीवी कैमरा, एलसीडी, वाईफाई और की-बोर्ड को चुरा लिए थे। ग्राम प्रधान रामचन्द्र यादव की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया था।
23 अप्रैल की रात सेमरा-आमा गांव के पंचायत भवन में रखे कंप्यूटर इन्वर्टर, सीसीटीवी कैमरा सहित अन्य सामानों को चुरा लिया। ग्राम प्रधान सुनील कुमार ने केस दर्ज कराया था। इधर बरगदवा गांव में सप्ताह पूर्व एक घर में चोरी हुई थी। उमाशंकर सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि 10 मई की रात में उसके घर में छत के रास्ते घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने कमरे में रखे आभूषणों और काफी नगदी को चुरा लिया। चोरी की बढ़ती घटनाओं में चोरों को पकड़ना तो दूर अभी तक सुराग भी नहीं लगा सकी। थानाध्यक्ष रामफल चौरसिया ने बताया है कि क्षेत्र में हुई चोरियों का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही चोरों को गिरफ्तार कर सामान की बरामदगी की जायेगी।