बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के रामनगर पड़ाव पर सोमवार तड़के हुई दुर्घटना में पिकअप पलटने के बाद बिजली के पोल से टकरा गया। खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और तार एक झटके में टूट गए। इसके चलते तकरीबन एक दर्जन गांवों में लाइट गुल हो गई। दिन भर ग्रामीण गर्मी की मार झेलते रहे। करीब 8 घंटे तक गर्मी झेल रहे ग्रामीणों को 3 बजे आपूर्ति मिल सकी।
हुआ यूं कि सुबह करीब 5.30 बजे बहराइच मेला से 28 लोगों को लेकर लौट रहा पिकअप रामनगर पड़ाव के निकट अनियंत्रित होकर पलटा तो निकट स्थित बिजली के खंभे को क्षतिग्रस्त कर दिया। संयोग ही था कि कोई तार टूटकर पिकअप पर नहीं गिरा वरना बड़ा हादसा हो जाता। हालांकि इस दुर्घटना के बाद रामनगर पड़ाव नरखोरिया पडाव, बेईली, करैली, टेढीकुईयां, राडीजोत, अलीनगर सहित एक दर्जन गांवों में आपूर्ति ठप हो गई।
ग्रामीण राम कुमार, जयेश सिंह, राधारमन, राम प्रकाश आदि ने बताया कि सुबह जब पूरा इलाका गहरी नींद में था तभी बिजली कट गई। इसका कारण बाद में पता चला कि कहीं कोई खंभा टूट गया है। कहा कि यह रोज की स्थिति है। सुबह लाइन काट दी जाती है, मगर थोड़ी देर बाद आ भी जाती है, मगर सोमवार को दोपहर तीन बजे तक आपूर्ति बहाल न होने से बच्चे व घर की महिलाएं गर्मी में परेशान रहीं है।
सहायक अभियंता मनोज कुमार ने कहा कि खंभा टूटने के कारण तार भी टूट गए और आपस में उलझ गए थे। जानकारी के बाद तत्काल मौके पर टीम पहुंच कर लाइन को दुरुस्त किया गया। इसमें करीब आठ घंटे आपूर्ति बाधित रही है। अब लाइन चालू है। सभी गांवों में आपूर्ति शुरू हो गई है।