बृहस्पतिवार को कचहरी में साझेदार पर तान दी थी रिवाल्वर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कचहरी में तीन दिन पहले रिवाल्वर लहराने के मामले में पुलिस ने दो नामजद व तीन अज्ञात पर हत्या की कोशिश, रुपये लेकर हड़प लेने, मारपीट व धमकी के आरोप में केस दर्ज किया है। इस संबंध में कोतवाली क्षेत्र के जय पुरवा निवासी सुरेंद्र कुमार चौधरी ने तहरीर दी है।
सुरेंद्र ने तहरीर में कहा है कि ट्रेजरी ऑफिस के सामने विपक्षियों ने पूर्व में दिए गए शिकायती प्रार्थनापत्र की रंजिश में जान से मारने की नियत से रिवाल्वर तान दी। आसपास के लोगों के सहयोग से रिवाल्वर को छीन लिया गया। इस धर पकड़ में उसके सहयोगी महिपाल पटेल को भी चोटें आईं। भीड़ को देख आरोपी जान माल की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने मुकेश चौधरी व दीपक निवासी धौरूखोर थाना लालगंज व तीन अज्ञात साथी पर केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में घटना के दिन समझौता हो गया था।
बताया जा रहा है कि दोनाें पक्षों ने मुंडेरवा चीनी मिल में बगास का ठेका लिया था जिसमें रुपयों को लेकर मतभेद हो गया और बातचीत बंद हो गई थी। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों का कचहरी में ट्रेजरी ऑफिस के पास आमना-सामना हो गया। रुपये मांगने पर शुरू हुई बहस बढ़ती चली गई। इस बीच एक व्यक्ति ने दूसरे की कनपटी पर लाइसेंसी रिवाल्वर तान दी थी।