बस्ती। रसोई गैस के संकट से उबरने के लिए पीएनजी उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ाने की पहल शुरू हो गई है। आपूर्ति विभाग एवं टोरेंट पीएनजी गैस कंपनी के अधिकारियों के बीच बैठक हुई है। निर्णय लिया गया है कि जिस क्षेत्र में पाइपलाइन का विस्तार हो चुका हैं वहां के नागरिकों को आवेदन के तत्काल बाद पीएनजी कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शहर एवं आसपास के क्षेत्र में टोरेंट गैस कंपनी की ओर से पाइपलाइन का कार्य लगभग तीन साल पहले ही पूरा कर लिया गया है। नगर पालिका क्षेत्र 25 वार्डों में कनेक्शन की सुविधा भी दी जाने लगी है। टोरेंट एजेंसी के माध्यम से शहर में सात हजार पीएनजी उपभोक्ता है। कंपनी का दावा हैं कि बस्ती में पीएनजी कनेक्शन से 20 से 25 हजार उपभोक्ता आच्छादित किए जा सकते हैं। रसोई गैस की किल्लत के समय अब पीएनजी उपभोक्ता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। यदि पीएनजी उपभोक्ता बढ़े तो रसोई गैस के संकट से लोग बाहर आ सकते हैं। यहीं नहीं जिले के आधा दर्जन प्रमुख कस्बों में पीएनजी पाइपलाइन बिछ चुकी है। कुछ जगहों पर चालू हालत में भी है। मगर अपेक्षित उपभोक्ता इस कंपनी के पास नहीं है। काॅमर्शियल उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। आवेदन के बाद उन्हें पीएनजी गैस कंपनी की ओर कनेक्शन न देने तक काॅमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। डीएसओ विपिन कुमार शुक्ल ने कहा कि जिन जगहों पर पीएनजी पाइपलाइन बिछी हुई हैं वहां के लोग आवेदन करें उन्हें तत्काल कनेक्शन मिलेगा। इससे काफी हद तक उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। संवाद